4 Days Work: 200 कंपनियों ने लिया फैसला, 4 दिन काम और 3 दिन मिलेगा आराम
देश में जहां पर, 90 घंटे, 70 घंटे हफ्ते में काम करने की वकालत हो रही है, वहीं दूसरी ओर ब्रिटेन की 200 कंपनियों ने एक बेहद ही

देश में जहां पर, 90 घंटे, 70 घंटे हफ्ते में काम करने की वकालत हो रही है, वहीं दूसरी ओर ब्रिटेन की 200 कंपनियों ने एक बेहद ही ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसके चलते कर्मचारियों को सिर्फ 4 दिन कार्य करना होगा और 3 दिन की छुट्टी मिलेगी. यह कदम वर्क-लाइफ बैलेंस को सुधारने तथा कर्मचारियों की संतुष्टि को बढ़ाने के एक उद्देश्य से उठाया है. इस नई नीति का फायदा 5,000 से ज्यादा कर्मचारियों को मिलेगा, जो विभित्र क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जैसे कि मार्केटिंग, टेक्नोलॉजी और चैरिटी.
नए दौर का नया नियम
इस निर्णय के पीछे का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है. 4 दिन का काम हफ्ते अपनाने वाली कंपनियों का मानना है कि यह पुरानी आर्थिक संरचना से बाहर निकलने का एक तरीका है. द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, फाउंडेशन कैम्पैन के निदेशक जोई राइल ने बताया कि “9 से 5 का वर्क पैटर्न 100 वर्ष पहले विकसित हुआ था और अब यह आधुनिक वक्त के लिए उपयुक्त नहीं है”. उन्होंने आगे बताया कि इस बदलाव से कर्मचारियों को 50 प्रतिशत ज्यादा फ्री वक्त मिलेगा, जिससे वह खुशहाल और संतुष्ट जीवन जी सकेंगे.
सैलरी उतनी ही मिलेगी
इस बात में सबसे खास बात यह है कि काम के दिन कम करने के बाद भी सभी कर्मचारियों की सैलरी में कोई कटौती नहीं होगी. इससे कर्मचारियों को बिना किसी वित्तीय चिंता के अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने का मौका मिलेगा. कंपनियों ने इस नीति को तैयार करने के लिए गंभीरता से सोचा है, जिससे न सिर्फ कर्मचारी बल्कि कंपनियां भी लाभान्वित होंगी.
70, 90 घंटे वालों को मिला जवाब
ब्रिटेन की इन 200 कंपनियों के फैसले का असर वैश्विक संदर्भ में भी महत्व रखता है, खासकर तब जब भारत में कुछ कंपनियां अपने कर्मचारियों से 70 से 90 घंटे काम करने की अपेक्षा कर रही हैं. ब्रिटेन का यह कदम न केवल कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि यह अन्य देशों के लिए भी एक उदाहरण पेश करता है कि कैसे वर्क-लाइफ बैलेंस को प्राथमिकता दी जा सकती है.









