Copper Price Crash: अमेरिकी खबर से कॉपर में भूचाल, 30 मिनट में 4.50% धड़ाम
टैरिफ नीति को लेकर बनी असमंजस की स्थिति ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। बाजार में अचानक बिकवाली का दबाव बढ़ने से कॉपर की कीमतों में तेज...

Copper Price Crash: ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में तेज उछाल के बाद कॉपर की कीमतों ने अचानक यू-टर्न ले लिया। गुरुवार शाम करीब 4 बजे बाजार में यह खबर सामने आई कि व्हाइट हाउस की ओर से रिफाइंड कॉपर पर टैरिफ लगाने को लेकर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इस खबर के सामने आते ही कॉपर में जोरदार बिकवाली शुरू हो गई और करीब आधे घंटे के अंदर इसकी कीमत 4.50 फीसदी से अधिक गिर गई।
टैरिफ नीति को लेकर बनी असमंजस की स्थिति ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। बाजार में अचानक बिकवाली का दबाव बढ़ने से कॉपर की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कुछ ही समय पहले ऐतिहासिक तेजी दर्ज करने वाली इस धातु में अचानक आई गिरावट ने कारोबारियों को हैरान कर दिया।
दरअसल, अमेरिका में अधिकारी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि रिफाइंड कॉपर पर टैरिफ लगाने से घरेलू खनन और उत्पादन को कितना फायदा मिल सकता है। दूसरी तरफ चिंता यह भी है कि अगर कॉपर की कीमत बढ़ती है, तो अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की लागत बढ़ सकती है। इसी नीति को लेकर चल रही चर्चा और अनिश्चितता का सीधा असर कॉपर मार्केट पर दिखाई दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX पर कॉपर करीब 4.60 फीसदी नीचे कारोबार करता नजर आया। वहीं भारत में MCX पर भी कॉपर की कीमत में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
MCX पर कॉपर करीब 60 रुपये टूटकर 1,370 रुपये के दिन के निचले स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, निचले स्तर पर खरीदारी लौटने के बाद कीमत में कुछ सुधार भी देखने को मिला और बाद में कॉपर करीब 1,385 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया।
इस तरह अमेरिका की टैरिफ नीति को लेकर सामने आई अनिश्चितता ने कॉपर बाजार में कुछ ही मिनटों में बड़ा उलटफेर कर दिया। हालिया तेजी के बाद आई यह तेज गिरावट अब निवेशकों और कारोबारियों के लिए खास निगरानी का विषय बन गई है।









