EPFO पेंशन में बढ़ोतरी की तैयारी, जल्द हो सकता है फैसला
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े लाखों पेंशनधारकों के लिए राहत भरी खबर सामने आ सकती है। लंबे समय से अटकी न्यूनतम पेंशन बढ़ोतरी...

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े लाखों पेंशनधारकों के लिए राहत भरी खबर सामने आ सकती है। लंबे समय से अटकी न्यूनतम पेंशन बढ़ोतरी को लेकर सरकार अब गंभीर मंथन के दौर में है। संकेत मिल रहे हैं कि इस मुद्दे पर बजट के दौरान या उसके तुरंत बाद कोई अहम निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि पेंशन की नई राशि कितनी होगी, इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
फिलहाल ईपीएफओ के तहत आने वाले कर्मचारियों को न्यूनतम पेंशन के रूप में केवल 1000 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। यह राशि पिछले करीब 11 वर्षों से बिना किसी बदलाव के जारी है। इस दौरान महंगाई में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे पेंशनधारकों के लिए जीवनयापन करना मुश्किल होता जा रहा है। इसी कारण कर्मचारी संगठनों और पेंशनभोगियों की ओर से लंबे समय से पेंशन बढ़ाने की मांग की जा रही है।
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि मौजूदा महंगाई दर को देखते हुए 1000 रुपये की मासिक पेंशन पूरी तरह अपर्याप्त है। सेवानिवृत्ति के बाद दवाइयों, किराया, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करना इस रकम में संभव नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर 6 जनवरी को भारतीय मजदूर संघ (BMS) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री से मुलाकात की थी। बैठक में न्यूनतम पेंशन बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
अन्य श्रमिक संगठनों की भी यही मांग है कि न्यूनतम पेंशन को बढ़ाकर कम से कम 7,000 से 10,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए, ताकि पेंशनधारकों को सम्मानजनक जीवन मिल सके। गौर करने वाली बात यह भी है कि ईपीएफओ पेंशन से जुड़ा मामला इस समय सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है, जिससे सरकार के फैसले की अहमियत और बढ़ जाती है। सूत्रों के अनुसार, सरकार सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाने पर विचार कर रही है। पेंशन सुधार को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा चल रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि वर्षों से लंबित इस मांग पर जल्द सकारात्मक फैसला लिया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह लाखों पेंशनधारकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।









