Gold-Silver Surge: चांदी ने तोड़ा इतिहास, सोना भी हाई रिकॉर्ड पर
सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट की उम्मीद कर रहे निवेशकों को एक बार फिर झटका लगा है। कीमती धातुएं लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं

Gold and Silver Surge: सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट की उम्मीद कर रहे निवेशकों को एक बार फिर झटका लगा है। कीमती धातुएं लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं और सर्राफा बाजार में तेजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को चांदी ने ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए पहली बार तीन लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर लिया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी में जबरदस्त तेजी देखी गई। कारोबार की शुरुआत में ही चांदी करीब 5 फीसदी उछलकर ₹3,01,315 प्रति किलो के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई। इस जोरदार उछाल ने बाजार के तमाम अनुमानों को पीछे छोड़ दिया।
जनवरी में रिकॉर्ड बढ़त दर्ज कर चुकी है चांदी
पिछले साल 2025 में मजबूत प्रदर्शन के बाद चांदी ने 2026 की शुरुआत भी तेजी के साथ की है। जनवरी महीने में ही चांदी के दाम ₹65 हजार से अधिक बढ़ चुके हैं। साल के आखिरी कारोबारी दिन 31 दिसंबर 2025 को चांदी ₹2,35,701 प्रति किलो के स्तर पर थी, जो अब बढ़कर ₹3 लाख से ऊपर पहुंच चुकी है।
सोने की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल
चांदी के साथ-साथ सोने ने भी निवेशकों का ध्यान खींचा है। एमसीएक्स पर फरवरी वायदा सोना पिछले कारोबारी सत्र में ₹1,42,517 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को बाजार खुलते ही इसमें तेज उछाल आया और भाव ₹1,45,500 प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यानी एक ही सत्र में करीब ₹3,000 की तेजी दर्ज की गई। अगर साल की शुरुआत से अब तक की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को सोना ₹1,35,804 प्रति 10 ग्राम था। मौजूदा भाव के हिसाब से अब तक इसमें लगभग ₹9,700 प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।
क्यों बढ़ रहे हैं सोना-चांदी के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अनिश्चितता ने सुरक्षित निवेश की मांग को मजबूत किया है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ग्रीनलैंड को लेकर दिए गए टैरिफ संबंधी संकेतों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में चिंता बढ़ी है। ऐसे माहौल में निवेशक जोखिम से बचने के लिए सोने और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे दोनों धातुओं की कीमतों को मजबूती मिल रही है।









