Holi Special Train: होली के लिए 1410 स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत

इन 1410 ट्रेनों में से 108 ट्रेनें उत्तर रेलवे जोन के तहत चलाई जाएंगी। इनमें से अधिकांश ट्रेनें दिल्ली और एनसीआर के प्रमुख स्टेशनों से...

Holi Special Train: होली का त्योहार नजदीक आते ही यात्रियों की भीड़ ट्रेनों में तेजी से बढ़ रही है। 15 फरवरी के बाद अधिकांश रूटों पर कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है, खासकर पूर्व दिशा की ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। यात्रियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है।

रेलवे ने होली के दौरान 1410 स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, जिससे लाखों लोगों का घर जाना आसान हो सकेगा। इन 1410 ट्रेनों में से 108 ट्रेनें उत्तर रेलवे जोन के तहत चलाई जाएंगी। इनमें से अधिकांश ट्रेनें दिल्ली और एनसीआर के प्रमुख स्टेशनों से रवाना होंगी। इससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे इलाकों में रहने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर रेलवे के जनरल मैनेजर अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि होली के दौरान यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को लेकर विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हर रूट पर यात्रियों की भीड़ की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। जहां भी ज्यादा दबाव देखा जाएगा, वहां जरूरत के अनुसार और स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे का मुख्य ध्यान उन रूटों पर है, जहां वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है।

इस बीच, हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग रूट पर एक विशेष होली ट्रेन भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन 1 और 2 मार्च को सुबह 10:45 बजे दुर्ग से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:10 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन 2 और 3 मार्च को दोपहर 12:30 बजे हजरत निजामुद्दीन से चलेगी और अगले दिन शाम 6:20 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

इस होली स्पेशल ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध होंगे। ट्रेन का ठहराव रायपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुरवारा, दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, आगरा और मथुरा में होगा।

यह भी पढ़ें: Alcohol & Liver Risk: अगर शरीर में ये 3 संकेत हैं तो छोड़ दे शराब

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!