LPG eKYC Update: LPG यूजर्स ध्यान दें, eKYC को लेकर बड़ी जानकारी
सरकार का कहना है कि eKYC से उपभोक्ताओं की पहचान स्पष्ट होती है और फर्जी लाभार्थियों की पहचान करना आसान हो जाता है।

LPG eKYC Update: एलपीजी उपभोक्ताओं के बीच eKYC को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति को अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है। हाल ही में जारी स्पष्टीकरण के अनुसार, आधार आधारित eKYC कोई नया नियम नहीं है, बल्कि यह पहले से चल रही प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं का डेटा अपडेट रखना और सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाना है।
सरकार ने साफ किया है कि सभी उपभोक्ताओं के लिए eKYC अनिवार्य नहीं है। यह केवल उन ग्राहकों के लिए जरूरी है, जिन्होंने अब तक अपनी eKYC प्रक्रिया पूरी नहीं की है। यदि कोई उपभोक्ता पहले ही eKYC कर चुका है, तो उसे दोबारा यह प्रक्रिया करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) से जुड़े लाभार्थियों के लिए नियम थोड़ा अलग है। इस योजना के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक बार eKYC कराना होता है। हालांकि, यह प्रक्रिया भी तभी जरूरी होती है जब वे निर्धारित सिलेंडर रिफिल के बाद मिलने वाली सब्सिडी का लाभ उठाना चाहते हैं।
सरकार का कहना है कि eKYC से उपभोक्ताओं की पहचान स्पष्ट होती है और फर्जी लाभार्थियों की पहचान करना आसान हो जाता है। इसके अलावा, इससे एलपीजी के दुरुपयोग और गलत तरीके से सिलेंडर के इस्तेमाल को रोकने में भी मदद मिलती है। यह प्रक्रिया सिस्टम को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
सबसे अच्छी बात यह है कि उपभोक्ता eKYC की प्रक्रिया घर बैठे ही मुफ्त में पूरी कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने गैस प्रदाता का आधिकारिक मोबाइल ऐप और आधार फेस ऑथेंटिकेशन ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप में रजिस्ट्रेशन या लॉग-इन करने के बाद eKYC विकल्प का चयन करना होता है, जहां आधार नंबर दर्ज कर फेस वेरिफिकेशन के जरिए प्रक्रिया पूरी की जाती है।
एक बार वेरिफिकेशन सफल होने पर eKYC पूरा हो जाता है और उपभोक्ता का कनेक्शन अपडेट हो जाता हैसरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि eKYC न होने पर भी फिलहाल एलपीजी सब्सिडी पर कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, भविष्य में किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय रहते eKYC पूरा कर लेना बेहतर माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









