दिल्ली के मोती नगर में हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो लोगों की मौत
दिल्ली के मोती नगर इलाके में बुधवार की शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जखीरा गोल-चक्कर के पास तेज रफ्तार......

दिल्ली के मोती नगर में हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो लोगों की मौत
दिल्ली के मोती नगर इलाके में बुधवार की शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जखीरा गोल-चक्कर के पास तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने सड़क किनारे चल रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
लोगों के मुताबिक हादसा शाम करीब सवा छह बजे हुआ। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत नाज़ुक होने पर उन्हें RML अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मुनि राज और 70 वर्षीय सूरज पाल के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मुनि राज आनंद पर्वत इलाके में रहते थे, जबकि सूरज पाल जखीरा के ही निवासी थे। हादसे के बाद से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवारवालों का कहना है कि कुछ ही सेकंड में उनकी दुनिया उजड़ गई।
पुलिस ने घटनास्थल से कार बरामद कर ली है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। वाहन हरियाणा नंबर का बताया जा रहा है और पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में शाम के समय तेज रफ्तार गाड़ियों की वजह से हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है। कई बार शिकायत के बावजूद ट्रैफिक कंट्रोल के इंतज़ाम ठीक नहीं हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है|









