नरेला में फैक्टरी की लिफ्ट में फंसकर 15 वर्ष के लड़के की मौत, जांच में जुटी पुलिस
लड़के के पिता रमेश कुमार गुरुग्राम स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं और उसकी मां दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र के एल ब्लॉक में मौजूद...

राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में कूलर बनाने की एक फैक्टरी की लिफ्ट में फंसकर 15 वर्ष के लड़के की मौत हो गई। मामले में मृतक के परिवार वालों का कहना है कि मृतक कूलर बनाने की फैक्टरी में काम करता था। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है। पुलिस लापरवाही से हुई मृत्यु और श्रम कानून के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन में लगी हुई है।
मृत लड़के की पहचान 15 साल के आलोक के रूप में हुई है। मृतक अपने परिवार के साथ दिल्ली के मेट्रो विहार इलाके में रहता था। मृतक के परिवार में उसके माता-पिता और चार बहनें हैं। लड़के के पिता रमेश कुमार गुरुग्राम स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं और उसकी मां दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र के एल ब्लॉक में मौजूद कूलर का फ्रेम बनाने की एक फैक्टरी में काम करती है। रविवार लगभग तीन बजे पुलिस को लड़के के लिफ्ट में फंसने की खबर मिली। पुलिस मामले की जानकारी मिलते ही उस फैक्टरी पर पहुंची।
फैक्टरी कुल दो मंजिल की है। फैक्टरी में सामान ले जाने व नीचे लाने के लिए लिफ्ट लगी हुई है। पुलिस ने लिफ्ट से मृतक लड़के के शव को बाहर निकाला। मामले के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आस पास के फैक्टरी में काम करने वाले बहुत मजदूर वहां जमा हो गए। छानबीन के दौरान पता चला कि घटना के वक्त लड़का अपनी मां के साथ फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर था। लड़का उस वक्त लिफ्ट के पास कोई काम कर रहा था और फिर इसी दौरान किसी ने नीचे से लिफ्ट को चालू कर दिया।
जिससे लड़का लिफ्ट में फंस गया और फिर उसके शरीर के काफी टूकड़े हो गए। मामले में लोगों ने बताया कि लड़के का सिर भी कटकर अलग हो गया था। फैक्टरी के मालिक ने पुलिस को बताया कि लड़का उसकी फैक्टरी में काम नहीं करता था। लड़का अपनी मां के साथ फैक्ट्री में आया था। वहीं मृतक की मां का कहना है कि वह दो फरवरी, वर्ष 2023 से फैक्टरी में काम कर रहा था। मामले में पुलिस अधिकारी का कहना है कि घटना की छानबीन की जा रही है।
ये भी पढ़े: दिल्ली में तीन तलाक देकर ब्रिटेन फरार होने वाला था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार