5 लोगों को कार ने मारी ज़ोरदार टक्कर, एक की हालत गंभीर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के गाज़ीपुर इलाके में एक बेलगाम कार ने सड़क किनारे खड़े 5 लोगों को ज़बरदस्त टक्कर मार दी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के गाज़ीपुर इलाके में एक बेलगाम कार ने सड़क किनारे खड़े 5 लोगों को ज़बरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी कार चालक, अपनी कार पर काबू नहीं कर पाया। जिसके बाद आरोपी ने एक खड़ी टैक्सी में टक्कर मार दी।
बता दें कि कार रुकते ही आरोपी घटनास्थल पर कार छोड़कर भाग गया। हालांकि राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसी के साथ पीसीआर और एम्बुलेंस की सहायता से पीड़ितों को हॉस्पिटल ले जाया गया।
जहां से गंभीर रूप से घायल अमन को जीटीबी रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक हॉस्पिटल में घायल शिवा, रज़ा, पवन और गोपाल का इलाज चल रहा है।
वहीँ गाज़ीपुर थाना पुलिस ने कार कब्ज़े में लेकर आरोपी को ढूंढ़ना शुरू कर दिया है। इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी फुटेज की सहायता से मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार, अमन अपने घरवालों के साथ खोड़ा कॉलोनी, गाज़ियाबाद में रहता है। पेशे से यह ढोल बजाने का काम करता है। सोमवार रात 6 दिसंबर को वह अपने साथियों के साथ गाज़ीपुर ढोल बजाने के लिए आया था।
गाज़ीपुर में प्रोग्राम से फ्री होने के बाद अपने अन्य साथियों के साथ वह मयूर विहार फेज़-3 पहुंचा। यहां केरल स्कूल के पास वह खड़े होकर अपने अन्य साथियों का हिसाब कर रहा था। बहरहाल, इस बीच पीछे से आई आरोपी की कार ने इन सभी को ज़ोरदार टक्कर मार दी।
ये भी पढ़े: सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत मासूम बच्ची की मौत, कार पर पलटा तेज़ रफ़्तार ट्रक










