350 रुपये के लिए 12वीं के छात्र पर चाकू से हमला, चार नाबालिग गिरफ्तार

वेलकम इलाके में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे 12वीं कक्षा के एक छात्र पर महज 350 रुपये के लिए चाकू से हमला किया गया।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जहां ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे 12वीं कक्षा के एक छात्र पर महज 350 रुपये के लिए चाकू से हमला किया गया। इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 15 दिसंबर की रात करीब 10 बजे की है। कबीर नगर इलाके का रहने वाला 17 वर्षीय छात्र ट्यूशन से पैदल अपने घर जा रहा था। रास्ते में पांच युवकों ने उसे रोक लिया और पैसे छीनने की कोशिश करने लगे। जब छात्र ने विरोध किया, तो आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर उस पर कई वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी छात्र के पास मौजूद 350 रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायल छात्र को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। छात्र के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान की, जिनकी उम्र 14 से 16 साल के बीच बताई जा रही है। सभी आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने रविवार को चारों को हिरासत में ले लिया, जबकि उनका एक साथी अब भी फरार है।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए नाबालिगों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला भी जोड़ दिया है।

फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन नाबालिगों ने पहले किसी और आपराधिक वारदात को अंजाम दिया है या नहीं। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!