दिल्ली में Chinese मांझे से 5 साल के बच्चे की मौत, परिवार में पसरा मातम

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पांच साल के मासूम बच्चे की चाइनीज मांझे की वजह से जान चली गई।

दिल्ली।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पांच साल के मासूम बच्चे की चाइनीज मांझे की वजह से जान चली गई। यह घटना जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के पास हुई, जहां बच्चे का गला घातक मांझे से कट गया। उस समय बच्चा अपने परिवार के साथ सफर कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 3 मई 2026 को न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को JPC अस्पताल से सूचना मिली कि एक छोटे बच्चे को मांझे से गंभीर रूप से घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

जांच में सामने आया कि बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर न्यू उस्मानपुर स्थित एक सीएनजी पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक हवा में लटक रहा चाइनीज मांझा उसके गले से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी गहरा शोक और आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे पर सख्ती से प्रतिबंध लागू करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने इस मामले में न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106/223 के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित मांझा कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।

गौरतलब है कि चाइनीज मांझा पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। यह मांझा नायलॉन या सिंथेटिक सामग्री से बना होता है, जो बेहद मजबूत और धारदार होता है, जिससे इंसानों और पक्षियों दोनों के लिए जानलेवा खतरा पैदा होता है। प्रशासन समय-समय पर इस पर रोक लगाने के निर्देश देता रहा है, बावजूद इसके इसकी बिक्री और उपयोग पूरी तरह से नहीं रुक पाया है।

यह भी पढ़े : Jahanpanah Forest में पुलिस मुठभेड़: पारदी गैंग के 6 सदस्य गिरफ्तार

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!