लक्ष्मी नगर में दबंगों की दरिंदगी, बाप-बेटे के साथ सरेआम मारपीट का मामला

आरोप है कि हमलावरों ने युवक के कपड़े उतारकर उसे सड़क पर घसीटा और जूतों से पीटा, जबकि उसके पिता को भी बुरी तरह पीटा गया।

राजधानी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में 2 जनवरी के दिन हुई एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। दबंगों के एक समूह ने जिम संचालन को लेकर चल रहे विवाद में एक बाप-बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के कपड़े उतारकर उसे सड़क पर घसीटा और जूतों से पीटा, जबकि उसके पिता को भी बुरी तरह पीटा गया।

पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में चल रहे जिम को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी विकास यादव, शुभम यादव, ओमकार यादव और पिंटू यादव ने पहले युवक पर हमला किया। मारपीट के बाद उसे जबरन सड़क पर घसीट लाया गया, जहां उसके कपड़े उतार दिए गए और बेरहमी से पीटा गया। हमले में युवक के दांत टूट गए और सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि पिता को भी जिम परिसर में नंगा कर पीटा गया, जबकि बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी मारपीट की गई।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। फुटेज में दिख रहा है कि हमले के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन कोई भी पीड़ितों की मदद के लिए आगे नहीं आया। आरोप यह भी है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावर युवक को सड़क पर घसीटते रहे और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

सीसीटीवी वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सख्ती दिखाती, तो इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था। इस मामले ने राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!