करोल बाग में मामूली विवाद के बाद युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग

दिल्ली। दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने एक युवक पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में आनंद पर्वत निवासी रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार तड़के करीब 3:55 बजे की है। करोल बाग थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक को गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल युवक का इलाज जारी था, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं था।

जांच में सामने आया कि फैज रोड के पास कुछ युवकों के साथ रोहित का विवाद हो गया था, जिसके बाद हमलावरों ने उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और क्राइम व फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। घटनास्थल से दो खाली खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं

।
हालांकि मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध युवक वारदात के बाद भागते नजर आए हैं। पुलिस इनकी पहचान करने में जुटी है। परिजनों के अनुसार, रोहित अपने दोस्त की बेटी के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने करोल बाग आया था। पार्टी से लौटते समय उसका कुछ लोगों से झगड़ा हो गया, जो बाद में जानलेवा हमले में बदल गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रोहित के खिलाफ पहले से एक हत्या का मामला दर्ज है और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। ऐसे में पुलिस को शक है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। आरोपी युवकों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

यह भी पढ़े : दिल्ली में पार्किंग संकट से राहत की तैयारी, DDA बनाएगा 5 पार्किंग कॉम्प्लेक्स

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!