Party की तैयारी के बीच दोस्त हुआ घायल, इलाज खर्च के डर से की हत्या
मृतक विनोद कुमार मगडी तालुका के कल्याणपुर गांव का रहने वाला था। इस मामले में पुलिस ने उसके दो दोस्तों—सुदीप और प्रज्वल—को गिरफ्तार किया है।

कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण जिले के रामनगर क्षेत्र से सामने आई एक सनसनीखेज घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय युवक विनोद कुमार की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके करीबी दोस्तों ने ही की थी।
मृतक विनोद कुमार मगडी तालुका के कल्याणपुर गांव का रहने वाला था। इस मामले में पुलिस ने उसके दो दोस्तों—सुदीप और प्रज्वल—को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विनोद और उसके दोस्त आपस में काफी करीबी थे और अक्सर साथ समय बिताते थे। घटना की शुरुआत 1 जनवरी को हुई, जब नए साल का जश्न मनाने के लिए विनोद अपने पांच दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था। पार्टी के दौरान शराब पी जा रही थी और दोस्तों ने मजाक-मजाक में शराब में मिलाने के लिए नारियल पानी लाने की बात कही। इसी दौरान विनोद को जबरन नारियल के पेड़ पर चढ़ने के लिए कहा गया।
पुलिस के मुताबिक, पेड़ पर चढ़ते समय विनोद का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में उसकी रीढ़ की हड्डी को गंभीर चोट पहुंची और वह बुरी तरह घायल हो गया। जब दोस्तों को उसकी हालत की गंभीरता का अंदाजा हुआ, तो वे घबरा गए। उन्हें डर सताने लगा कि इलाज में भारी खर्च आ सकता है और मामला पुलिस तक पहुंच सकता है।
जांच में सामने आया है कि इसी डर से बचने के लिए आरोपियों ने विनोद को घर छोड़ने का बहाना बनाया। लेकिन रास्ते में वाजरहल्ली गांव के पास स्थित एक तालाब के किनारे ले जाकर उसे पानी में डुबोकर मार डाला। हत्या के बाद आरोपी सामान्य व्यवहार करते हुए गांव में इधर-उधर घूमते रहे, ताकि किसी को शक न हो। शाम के समय आरोपी दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तालाब से विनोद का शव बाहर निकाला और एक बड़ा पत्थर तार से बांधकर शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया, ताकि सबूत पूरी तरह मिटाए जा सकें और हत्या को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ, जब विनोद के माता-पिता ने उसके लापता होने की शिकायत कुदूर पुलिस थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल फोन की लोकेशन, कॉल डिटेल्स और दोस्तों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। कड़ी पूछताछ में सुदीप और प्रज्वल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अन्य दोस्तों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जो उस दिन पार्टी में मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना दोस्ती के नाम पर की गई क्रूरता की एक भयावह मिसाल बनकर सामने आई है।
यह भी पढ़ें: Success Story: आप भी कमाना चाहते हैं लाखों रुपए तो पढ़ लीजिए ये खबर









