Badaun Crime: स्कूल से निकली छात्रा के साथ हुआ कुछ ऐसा, मचा हड़कंप

बदायूं में 12वीं कक्षा की एक छात्रा को उसके पिता के एक्सीडेंट की झूठी सूचना देकर स्कूल से बाहर बुलाने और फिर उसके साथ कथित तौर पर...

Badaun Crime: बदायूं में 12वीं कक्षा की एक छात्रा को उसके पिता के एक्सीडेंट की झूठी सूचना देकर स्कूल से बाहर बुलाने और फिर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिचित युवक ने पहले छात्रा को बहाने से स्कूल के गेट से बाहर बुलाया और बाद में अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे सुनसान जगह पर ले जाकर बंधक बनाया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात दोनों आरोपियों प्रशांत और कौशेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

पिता के एक्सीडेंट की बात कहकर स्कूल से बुलाया

पीड़ित छात्रा के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह रोज की तरह स्कूल गई थी। दोपहर करीब 12 बजे परिचित प्रशांत स्कूल के मुख्य गेट पर पहुंचा। उसने स्कूल के चपरासी से कहा कि छात्रा के पिता का एक्सीडेंट हो गया है और वह उसे लेने आया है। चूंकि चपरासी प्रशांत को पहले से जानता था, इसलिए उसे उसकी बात पर संदेह नहीं हुआ। सूचना छात्रा तक पहुंचाई गई और वह प्रशांत से मिलने स्कूल गेट पर आ गई। छात्रा ने बताया कि पिता के साथ हादसा होने की बात सुनकर वह उसके साथ बाइक पर बैठ गई। वह घर की तरफ जाने लगी, तभी प्रशांत का रिश्तेदार कौशेंद्र भी वहां पहुंच गया।

रास्ते में नशा सुंघाकर किया बेहोश

आरोप है कि दोनों युवकों ने छात्रा को बातचीत में उलझाया और इसके बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। बेहोश होने के बाद छात्रा को एक सुनसान जगह ले जाया गया। जब उसे होश आया तो उसने खुद को इस्लामनगर रोड के पास एक सुनसान स्थान पर बंधक पाया। छात्रा के बयान के अनुसार, इसी दौरान कौशेंद्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि प्रशांत भी वहां मौजूद था। इसके बाद दोनों आरोपी छात्रा को बेसुध हालत में एक ऑटो में बैठाकर वहां से चले गए।

स्कूल से फोन आने पर मां को हुआ शक

उधर, छात्रा के स्कूल से दोपहर में उसकी मां को फोन किया गया। स्कूल की ओर से बताया गया कि बेटी का बैग अभी क्लासरूम में रखा हुआ है, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं है और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही। बेटी के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही मां स्कूल पहुंचीं। उन्होंने स्कूल के चपरासी से पूरे मामले की जानकारी ली। चपरासी ने बताया कि एक बाइक सवार युवक छात्रा को यह कहकर अपने साथ ले गया था कि उसके पिता का एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद परिवार और अन्य लोगों ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी।

बिल्सी में बेसुध हालत में मिली छात्रा

काफी तलाश के बाद छात्रा बिल्सी में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के पास एक ऑटो में बेसुध हालत में मिली। इस दौरान ऑटो चालक वहां मौजूद नहीं था। परिवार ने छात्रा को संभाला और कुछ समय बाद उसे होश आया। इसके बाद उसने अपने साथ हुई पूरी घटना के बारे में परिवार को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्रशांत और कौशेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!