Bengaluru Crime: जिम पार्टी के बाद दोस्तों से भिड़ा ट्रेनर, अस्पताल में मौत
बेंगलुरु के हेब्बाल इलाके में 25 वर्षीय जिम ट्रेनर नंदन की हत्या का मामला सामने आया है। जिम की सालगिरह की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ....

Bengaluru Crime: बेंगलुरु के हेब्बाल इलाके में 25 वर्षीय जिम ट्रेनर नंदन की हत्या का मामला सामने आया है। जिम की सालगिरह की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ हुए विवाद में नंदन पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को जिम की पहली सालगिरह का जश्न मनाया गया था। पार्टी खत्म होने के बाद नंदन अपने परिचित अनुष के घर गया था। वहां उसकी जिम से जुड़े शरद, निशांत और विश्वनाथ से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नंदन के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना बेंगलुरु के केम्पापुरा इलाके की बताई जा रही है। नंदन को गंभीर हालत में हेब्बाल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर उसकी मां मंजुला अस्पताल पहुंचीं। परिजनों के मुताबिक, नंदन के शरीर पर चोट के निशान थे।
नंदन की मां की शिकायत पर अमृतहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी नंदन के परिचित थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।









