Big Bank Heist: बैंक की छत काटकर लॉकर साफ, करोड़ों का सोना गायब

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बैंक परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। बैंक के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए

Big Bank Heist: राजस्थान के केकड़ी शहर में बैंक ऑफ बड़ौदा की एक शाखा में हुई बड़ी चोरी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। अज्ञात चोरों ने बैंक की छत तोड़कर लॉकर रूम में घुसने का रास्ता बनाया और वहां रखे करोड़ों रुपये मूल्य के सोने पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सोने की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सावर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बैंक परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। बैंक के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए, क्योंकि चोरों ने बेहद योजनाबद्ध और पेशेवर तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया था। जानकारी के मुताबिक चोर सबसे पहले बैंक की छत तक पहुंचे और वहां से लॉकर रूम के ऊपर की छत को तोड़ा। इसके बाद लॉकर रूम में लगी मजबूत लोहे की सरियों को इलेक्ट्रिक कटर से काटा गया। अंदर घुसने के बाद चोरों ने चुनिंदा लॉकरों को तोड़ा और उनमें रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि बैंक में रखा मुख्य कैश पूरी तरह सुरक्षित पाया गया है।

पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने मौके का निरीक्षण करने के बाद बताया कि अभी चोरी गए सामान का पूरा विवरण सामने नहीं आया है। सभी लॉकर धारकों के बैंक पहुंचने और अपने-अपने लॉकर की जांच करने के बाद ही वास्तविक नुकसान का सही आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल प्रारंभिक जांच में करीब 110 तोला सोना चोरी होने की पुष्टि हुई है। बैंक प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इंद्र राज भट्ट के लॉकर से लगभग 80 तोला सोना चोरी हुआ है। वहीं लोकेश पारीक के लॉकर से करीब 28 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी गायब पाई गई है। अन्य लॉकरों की जांच अभी जारी है।

घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने सभी लॉकर धारकों को सूचना दे दी है और उन्हें जल्द से जल्द बैंक पहुंचने के लिए कहा गया है। इस बीच पुलिस बैंक के भीतर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध गतिविधियों और संभावित आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस को आशंका है कि चोरों ने जानबूझकर रविवार रात का समय चुना, क्योंकि उस दिन बैंक बंद रहता है और आवाज या हलचल का पता चलने की संभावना कम होती है। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर इलेक्ट्रिक कटर और छत तोड़ने में इस्तेमाल किए गए अन्य औजार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। थानाधिकारी राधेश्याम जाट ने बताया कि चोरी के सटीक समय और आरोपियों की संख्या का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया जा रहा है।

इस घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस वारदात को लेकर दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक शत्रुघ्न गौतम भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

यह भी पढ़ें: Success Story: आप भी कमाना चाहते हैं लाखों रुपए तो पढ़ लीजिए ये खबर

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!