Bihar Mystery: भैसुर से शादी, फिर होटल में संदिग्ध मौत; वजह बनी पहेली

बिहार के मुजफ्फरपुर में होटल के कमरे में 30 वर्षीय निगम कुमारी की मौत के मामले में जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। गोबरसही चौक.......

बिहार के मुजफ्फरपुर में होटल के कमरे में 30 वर्षीय निगम कुमारी की मौत के मामले में जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। गोबरसही चौक स्थित होटल में महिला का शव फंदे से लटका मिला था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि निगम वर्ष 2022 से अपने पति मदन कुमार से अलग रह रही थी। वह गुजरात के अहमदाबाद में एक रियल एस्टेट कंसल्टेंसी कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रही थी।

जांच के मुताबिक, पति से अलग रहने के दौरान निगम का संपर्क अपने भैसुर प्रभात कुमार से बना रहा। बताया जा रहा है कि दोनों ने 18 सितंबर को शादी भी की थी। प्रभात उसे डिप्रेशन के इलाज के सिलसिले में कई बार मुजफ्फरपुर लेकर आता था।

मौत की रात महिला मित्र को भेजे चैट के स्क्रीनशॉट

पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि मौत वाली रात निगम ने एक महिला मित्र को प्रभात के साथ हुई WhatsApp बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट भेजे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पैसों को लेकर कई बार विवाद हुआ था। एक कथित चैट में धमकी भरे शब्दों का भी जिक्र सामने आया है। पुलिस अब इन संदेशों की सत्यता और पूरे घटनाक्रम से उनके संबंध की जांच कर रही है।

पहले चचेरी बहन की शादी प्रभात से हुई थी

निगम के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, निगम की चचेरी बहन की शादी प्रभात कुमार से हुई थी। बाद में प्रभात की पहल पर ही निगम की शादी उसके चचेरे भाई मदन कुमार से कराई गई थी। निगम और मदन के दो बच्चे भी हैं। हालांकि, वर्ष 2022 से दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

घटना से पहले निगम रविवार को बेगूसराय पहुंची थी। वहां देर रात उसने अपने पति मदन कुमार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वह प्रभात के साथ मुजफ्फरपुर आई। दोनों ने गोबरसही चौक स्थित होटल में कमरा लिया। कुछ देर बाद प्रभात वहां से चला गया।

कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो सामने आया मामला

अगले दिन होटल कर्मचारियों ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मैनेजर को जानकारी दी। बालकनी से देखने पर कमरे के अंदर निगम का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

एफएसएल टीम की मौजूदगी में मास्टर चाबी से कमरा खोला गया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस चैट, होटल में हुई गतिविधियों और महिला की शिकायत समेत पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!