विवेक विहार इलाके में SUV गाड़ी ने बाइक सवार को उड़ाया, मौके पर मौत
एक राहगीर गाड़ी चालक घायल शख्स सोनू को नजदीकी हॉस्पिटल ले गया, लेकिन तब तक सोनू की मृत्यु हो चुकी थी। छानबीन के वक्त पुलिस को पता चला कि...

राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में मंगलवार शाम के वक्त एसयूवी कार चालक ने एक बाइक सवार को उड़ा दिया। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से मौके से फरार हो गया। राहगीर अपनी कार से घायल युवक को नजदीकी हॉस्पिटल ले गया, जहां युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त 22 वर्ष के सोनू कुमार के रूप में हुई।
पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेज दिया है। वारदात के थोड़ी ही देर बाद आरोपी गाड़ी मालिक मौके पर घटनास्थल पर माजरा जानने पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान दिल्ली के आनंद विहार निवासी नितिन मल्होत्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की कार और मृतक की बाइक कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
वारदात मंगलवार शाम लगभग 7.00 बजे यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास योजना विहार लाल बत्ती पर हुई। बाइक सवार शख्स को पीछे से आई डस्टर कार ने जोरदार टक्कर मार दी और फिर हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। एक राहगीर गाड़ी चालक घायल शख्स सोनू को नजदीकी हॉस्पिटल ले गया, लेकिन तब तक सोनू की मृत्यु हो चुकी थी। छानबीन के वक्त पुलिस को पता चला कि मृतक युवक पटना, बिहार का रहने वाला था। मृतक युवक के परिवार में पिता राजेंद्र प्रसाद और अन्य सदस्य हैं।
पुलिस ने देर रात मृतक के परिवार को हादसे की जानकारी दे दी थी। सोनू के परिजनों के राजधानी दिल्ली आने पर उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। टक्कर मारने वाले आरोपी ने बताया है कि वह डर के कारण मौके से चला गया था।
ये भी पढ़े: इंश्योरेंस पॉलिसी कम दाम में देने का झांसा देकर 200 लोगों से ठगी, आरोपी गिरफ्तार










