बहन के आशिक़ की भाई ने की गला रेतकर हत्या
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में डब्लू सिंह नाम के शख्स के मर्डर का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है

राजधानी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में डब्लू सिंह नाम के शख्स के मर्डर का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है।आपको बता दें कि डब्लू सिंह की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने शाहलाम और लाडला नाम के 2 शख्स को अरेस्ट किया है।
हालांकि पहले इस मर्डर को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट रूप से बताया कि इस हत्या में धर्म को लेकर कोई विवाद नहीं था।
दरअसल पिछले दिनों राजधानी के रघुबीर नगर में डब्लू सिंह नाम के एक शख्स की हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच करने पर पता चला कि हत्या के आरोपी लाडला उर्फ़ फरान की बहन की, डब्लू से दोस्ती थी, जो फरान को बिल्कुल पसंद नहीं थी।
इसी वजह से दोनों के बीच पिछले कई दिनों से परेशानी चल रही थी। मृतक डब्लू और आरोपी दोनों एक ही इलाके के निवासी थे। इसी के साथ डब्लू जहां मीट की दुकान पर काम करता था, वहीँ लाडला उर्फ़ फरान नेल पेंट का काम सीख रहा था।
ख़बर के मुताबिक, बहन से डब्लू की बढ़ती दोस्ती को देखकर, लाडला ने अपनी बहन को गांव भेज दिया लेकिन फिर भी मामला थमा नहीं।
पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन आरोपी फरान अपने दोस्त शाहलाम के साथ डब्लू से बात करने आया था लेकिन वहां झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच दोनों आरोपियों ने मिलकर डब्लू सिंह के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया।
ग़ौरतलब है कि डब्लू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसी के साथ पुलिस ने इस हत्याकांड को लेकर यह भी बताया कि आरोपी और मृतक दोनों बालिग़ हैं। लड़की को पहले ही गांव भेज दिया गया था जिसकी वजह से उससे अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है।
ये भी पढ़े: नशेड़ी ने 10 साल के बच्चे का किया किडनैप, बेचने के इरादे से जा रहा था मुंबई










