कागजात न होने पर कैब चालक से मारपीट, दिल्ली पुलिस कांस्टेबल निलंबित

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक यातायात पुलिसकर्मी कैब के अंदर घुसकर चालक के साथ मारपीट करता नजर आ रहा था।

वाहन के कागजात पूरे न होने पर एक कैब चालक के साथ मारपीट करने वाले दिल्ली पुलिस के यातायात कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने संज्ञान लेते हुए आरोपी कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। निलंबित पुलिसकर्मी की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक यातायात पुलिसकर्मी कैब के अंदर घुसकर चालक के साथ मारपीट करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में पुष्टि हुई कि यह घटना पहाड़गंज इलाके की है।

बताया गया कि कैब चालक हरिओम के पास वाहन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद नहीं थे। इसी बात को लेकर यातायात विभाग में तैनात हवलदार आशीष कुमार आपा खो बैठा और गुस्से में आकर कैब के अंदर घुसकर चालक की पिटाई करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों की भीड़ बढ़ने पर पुलिसकर्मी चालक को छोड़कर बाहर निकल गया।

वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद शुरुआत में यातायात पुलिस अधिकारियों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद ऑल दिल्ली ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की और संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी। यूनियन ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और विभागीय जांच की मांग की। मामले की जांच पूरी होने के बाद मंगलवार को आरोपी हवलदार को निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभागीय जांच जारी है और दोष सिद्ध होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!