शरीर को लेकर कमेंट करना पड़ा भारी, दिव्यांग युवक ने चलाई गोली, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी की पहचान दिल्ली के रोहिणी सेक्टर छह इलाके के निवासी 28 वर्ष के हरमन प्रीत सिंह के रूप में हुई है। रविवार रात लगभग 10.45 बजे पुलिस को...

राजधानी दिल्ली के रोहिणी नार्थ इलाके में शरीर को लेकर कमेंट करने पर एक दिव्यांग युवक ने गुस्से में आकर हवा में गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को लगी नहीं। जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद गोली चलाने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। बता दे की गिरफ्तार युवक दिव्यांग है। युवक ने बताया कि आस पास रहने वाले लोग उसके शरीर को लेकर आए दिन कमेंट करते रहते थे, जिससे वह काफी ज्यादा परेशान था इस कारण उसने लोगों को धमकाने के लिए हवा में गोली चलाई। पुलिस अब उस आरोपी की तलाश में जुटी है, जिसने दिव्यांग युवक को पिस्टल मुहैया करवाई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के रोहिणी सेक्टर छह इलाके के निवासी 28 वर्ष के हरमन प्रीत सिंह के रूप में हुई है। रविवार रात लगभग 10.45 बजे पुलिस को रोहिणी सेक्टर छह इलाके के एक पार्क के नजदीक गोलीबारी किए जाने की सुचना मिली। वहां पहुंचने पर पुलिस ने मौके पर एक दिव्यांग युवक को हाथ में पिस्टल लिए हुए देखा। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि युवक ने ही गोली चलाई है। पुलिस ने आरोपी युवक हरमन प्रीत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल बरामद कर लिया। आरोपी की जेब से पुलिस ने चार खोखा व एक कारतूस भी बरामद किया और साथ ही एक गोली पिस्टल में फंसी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना स्थल पर मौके पर पहुंची क्राइम टीम ने छानबीन करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका मकसद किसी को भी मारना नहीं था। उसके शरीर को लेकर लोगों के आए दिन कमेंट को लेकर वह काफी परेशान था। उसने इलाके में अपना दबदबा बनाने के लिए हवा में गोलीबारी की थी। मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ करने के बाद उस आरोपी की भी पहचान कर ली गई है, जिसने दिव्यांग युवक को पिस्टल मुहैया करवाया था। पुलिस उस आरोपी की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़े: छठी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, बेटी ने पिता व परिजनों पर लगाए ये आरोप