डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 50 करोड़ की ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, 10 गिरफ्तार

पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए देशभर में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है।

दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिले की शाहीन बाग थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए देशभर में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की तलाश में दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र (मुंबई), ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित सात राज्यों में पुलिस ने छापेमारी की। एक आरोपी को दुबई फरार होने की कोशिश के दौरान मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह से जुड़ी 66 शिकायतें राष्ट्रीय साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज हैं, जबकि दो आरोपी अन्य डिजिटल धोखाधड़ी मामलों में भी वांछित थे।

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी के अनुसार, शाहीन बाग निवासी तनबीर अहमद ने 7 दिसंबर 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात लोगों ने खुद को कर्नाटक पुलिस का अधिकारी बताकर व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए गंभीर अपराधों में फंसाने की धमकी दी और उससे 99,888 रुपये ठग लिए। शिकायत के बाद शाहीन बाग थाना प्रभारी दिनेश कुमार, एसीपी सोनू राम तथा एसआई गर्वित और एसआई अक्षय डागर की टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने फाइनेंशियल ट्रेल और टेक्निकल ट्रेल का विश्लेषण कर गिरोह के नेटवर्क को जोड़ा। टेक्निकल सर्विलांस और लगातार फील्ड ऑपरेशन के जरिए दिल्ली, यूपी, केरल, महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और ओडिशा में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में म्यूल अकाउंट ऑपरेटर, फैसिलिटेटर और टेक्निकल हैंडलर शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी और उनकी भूमिका

धर्मेंद्र चौहान (34), निवासी हापुड़, यूपी, गिरोह का सक्रिय सदस्य था और म्यूल अकाउंट की खरीद व ठगी की रकम निकालने में मदद करता था। वह पहले भी साइबर फ्रॉड में शामिल रहा है। सोमवीर सैनी (29), मुरादाबाद, यूपी, गैंग के ऑपरेशन और म्यूल अकाउंट की व्यवस्था में सहायक था। मोहम्मद एहतेशामुल हक (35), मुजफ्फरनगर, यूपी, मुख्य समन्वयक के रूप में फंड ट्रांसफर और कैश डिलीवरी का काम संभालता था। इसे मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

संतोष कुमार खंडाई (32), भद्रक, ओडिशा, अवैध सिम एक्टिवेशन और कई डिवाइसों के इस्तेमाल में शामिल था। केरल निवासी मुहम्मद बुगारी पी.पी. ने ठगी की रकम को संभालने में अहम भूमिका निभाई, उसके खातों पर कई शिकायतें दर्ज हैं। मुहम्मद शाहिद, केरल निवासी, टी-डेबिट कार्ड और संचार नेटवर्क का मुख्य हैंडलर था। इसके अलावा नितेश कुमार (सीकर, राजस्थान), देव उर्फ सोनू एसपी (झुंझुनू), इम्तियाज (झुंझुनू) और महेश्वर पुंटिया उर्फ अजय पुंटिया (ओडिशा) भी गिरफ्तार किए गए हैं।

ठगी का तरीका

आरोपी खुद को पुलिस या जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर पीड़ितों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ की धमकी देते थे। व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर आधार के दुरुपयोग और फर्जी आपराधिक मामलों की कहानी सुनाकर डराया जाता था और पैसे ट्रांसफर करने को मजबूर किया जाता था।

पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें। किसी भी पुलिस, कोर्ट, सीबीआई, ईडी या सरकारी एजेंसी द्वारा फोन या वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी या जांच की प्रक्रिया नहीं की जाती। नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत सत्यापन करें, बिना देर किए शिकायत दर्ज कराएं और खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों को इस तरह के फ्रॉड के बारे में जागरूक करें।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!