लाखों की ठगी के मामले में जीजा-साले गिरफ्तार, इस तरह करते थे ठगी
ठगी करने के बाद आरोपी सिम कार्ड को फेंक देते थे। मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि सन्नी मदान नामक आरोपी पर पहले से जालसाजी के दो मामले...

पश्चिम जिला साइबर सेल टीम ने लोगों से शातिर तरीके से ठगी करने वाले जीजा साले को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इस तरह के लोगों से ठगी करते थे जो की बैंक खाते से लिंक किए हुए मोबाइल नंबर का कम उपयोग करते हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सिम कार्ड व ठगी के पैसे से खरीदा हुआ आईफोन 14 भी बरामद किया है। आरोपियों की पहचान सन्नी मदान व उसके साले दीपक के रूप में हुई है।
वेस्ट दिल्ली के हरिनगर स्थित साइबर सेल ने पीड़ित सिद्धार्थ आनंद ने ठगी की शिकायत की। पीड़ित ने बताया कि उनका क्रेडिट व डेबिट कार्ड उनके पास था, लेकिन फिर भी उनके खाते से कुल 73 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित के बैंक से जानकारी लेने पर ये पता चला कि किसी ने उनके नाम पर कुल 96 हजार रुपए का लोन ले लिया और साथ ही कुल 4800 रुपये क्रेडिट कार्ड से खर्च किए हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुटी। पुलिस ने मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर व बैंक खाते की जानकारी जुटाई। फिर इससे पता चला कि पैसों से एक आईफोन खरीदा गया था और फिर उस आईफोन के जरिए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दिल्ली के बिंदापुर व उत्तम नगर इलाके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह इंस्टाक्रेड एप्लिकेशन के जरिए इस तरह के मोबाइल नंबरों की पहचान करते थे, जो की बैंक खाते से जुड़े हुए होते हैं, पर ग्राहक उनका कम उपयोग करता है और फिर इसके बाद वे फर्जी आईडी से टेली कंपनियों के जरिए उन नंबरों का सिम कार्ड निकलवा लेते थे। आरोपियों को सिम कार्ड मिलने के बाद वह उस नंबर से जुड़े क्रेडिट और डेबिट कार्ड और खाते से पैसे निकालने के साथ ही उससे खरीदारी भी करते थे। ठगी करने के बाद आरोपी सिम कार्ड को फेंक देते थे। मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि सन्नी मदान नामक आरोपी पर पहले से जालसाजी के दो मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़े: लिव इन पार्टनर की मां को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद










