अमेरिकी नागरिकों से करोड़ों की साइबर ठगी का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

तलाशी के दौरान करीब 1.88 करोड़ रुपये नकद, बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव समेत कुल 34 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई...

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर की गई करोड़ों रुपये की अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का पर्दाफाश करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के नोएडा में की गई, जहां से आरोपियों को अमेरिकी नागरिकों से धोखाधड़ी करते हुए पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह क्रिप्टो वॉलेट और विदेशी बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को इधर-उधर भेजता था।

सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी एफबीआई से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। एजेंसी ने दिल्ली और कोलकाता में भी एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान करीब 1.88 करोड़ रुपये नकद, बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव समेत कुल 34 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम सिंह, डाल्टनलियन, जॉर्ज टी जमलियनलाल, एल सेइमिनलेन हाओकिप, मंगखोलुन और रॉबर्ट थांगखानखुअल के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी अमेरिकी सरकारी एजेंसियों के अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करते थे। वे खुद को ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी (डीईए), फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (एसएसए) से जुड़ा बताकर अमेरिकी नागरिकों को डराते थे। आरोपियों का तरीका यह था कि वे पीड़ितों को यह विश्वास दिलाते थे कि उनके सोशल सिक्योरिटी नंबर का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग और नशीले पदार्थों की तस्करी में किया गया है। गिरफ्तारी से बचने के नाम पर वे उनसे मोटी रकम वसूलते थे। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने करीब 85 लाख अमेरिकी डॉलर की ठगी को अंजाम दिया।

सीबीआई का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क है, जो वर्चुअल करेंसी और बैंक ट्रांसफर के जरिए अवैध धन को छिपाने और स्थानांतरित करने में शामिल था। फिलहाल एजेंसी नेटवर्क के अन्य सदस्यों, ठगी की रकम और विदेशों से जुड़े लिंक की गहन जांच कर रही है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!