Delhi D4C: फर्जी बम ई-मेल पर शिकंजा, साइबर हमलों की होगी निगरानी
राजधानी में बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल धमकियों से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस अपने साइबर सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है।

Delhi D4C: राजधानी में बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल धमकियों से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस अपने साइबर सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में प्रस्तावित दिल्ली साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (D4C) को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। यहां स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों को भेजे जाने वाले फर्जी बम धमकी वाले ई-मेल की जांच के लिए अलग Hoax Bomb Email Investigation Cell तैयार किया जाएगा।
इस सेंटर की जिम्मेदारी केवल साइबर अपराध की जांच तक सीमित नहीं रहेगी। दिल्ली पुलिस के डिजिटल और आईटी सिस्टम पर होने वाले साइबर हमलों की निगरानी, उनकी रोकथाम और हमले की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
फर्जी बम धमकी वाले ई-मेल की होगी अलग जांच
पिछले कुछ समय से स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों सहित कई संस्थानों को बम धमाके की धमकी वाले ई-मेल मिलने के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे संदेशों के जरिए लोगों में डर और अफरातफरी पैदा करने की कोशिश की जाती है।
इसी चुनौती को देखते हुए D4C में एक विशेष जांच सेल बनाए जाने की योजना है। यह सेल VPN, गुमनाम या स्पूफ ई-मेल, फर्जी बम धमकियों और तकनीक के जरिए भेजे गए संदिग्ध संदेशों की जांच करेगा।
जांच के दौरान डिजिटल सबूत जुटाने के लिए पुलिस टेलीकॉम कंपनियों, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स और ई-मेल सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के साथ समन्वय करेगी। इसका उद्देश्य धमकी भेजने वाले स्रोत तक पहुंचने और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित तरीके से जुटाना होगा।
24 घंटे साइबर हमलों की निगरानी
D4C के तहत प्रस्तावित साइबर सिक्योरिटी डिविजन दिल्ली पुलिस के डिजिटल नेटवर्क, सरकारी प्रणालियों और महत्वपूर्ण डिजिटल संसाधनों की लगातार निगरानी करेगी। इसका मकसद संभावित साइबर हमलों की पहचान कर उन्हें समय रहते रोकना और किसी हमले की स्थिति में तेजी से कार्रवाई करना होगा।
इस व्यवस्था में Network Operations Centre (NOC), Security Operations Centre (SOC), Cyber Commando, Preventive Security Unit और Incident Response Unit जैसी विशेष इकाइयां शामिल होंगी।
Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) से प्रशिक्षण प्राप्त साइबर कमांडो साइबर अपराधों की रोकथाम, जांच, खतरे से जुड़ी जानकारी जुटाने, हमलों पर प्रतिक्रिया देने और डिजिटल फोरेंसिक से जुड़े काम में पुलिस की सहायता करेंगे।
पुलिसकर्मियों की साइबर ट्रेनिंग पर भी जोर
नई व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों को आधुनिक साइबर अपराधों से निपटने के लिए नियमित प्रशिक्षण देने की योजना है। इसके अलावा आम लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य डिजिटल अपराधों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
पुलिस का उद्देश्य ऐसा सिस्टम तैयार करना है, जिसमें साइबर अपराध की शिकायत मिलने से लेकर डिजिटल साक्ष्य जुटाने और जांच आगे बढ़ाने तक अलग-अलग स्तर पर विशेषज्ञ मदद उपलब्ध हो सके।
महिलाओं और बच्चों के लिए अलग Cyber Crime Wing
D4C में Online Crime Against Women and Children (OCWC) नाम से एक विशेष विंग भी प्रस्तावित है। यह महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर किए जाने वाले तकनीक आधारित अपराधों की जांच पर विशेष ध्यान देगा।
इस विंग के दायरे में बिना अनुमति किसी की निजी तस्वीर या वीडियो ऑनलाइन साझा करना, साइबर स्टॉकिंग, सेक्सटॉर्शन, ऑनलाइन ग्रूमिंग, साइबर माध्यम से मानव तस्करी, बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री और AI की मदद से तैयार किए गए आपत्तिजनक यौन कंटेंट जैसे मामले शामिल होंगे।
पीड़ित महिलाओं और बच्चों की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए बयान दर्ज करने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के साथ काउंसलिंग की सुविधा भी रखी जाएगी।
साइबर अपराध के खिलाफ मजबूत होगा सिस्टम
D4C के जरिए दिल्ली पुलिस साइबर अपराध की जांच, साइबर सुरक्षा, डिजिटल फोरेंसिक और ऑनलाइन धमकियों से निपटने के लिए एक केंद्रीकृत और तकनीक आधारित व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
खास तौर पर फर्जी बम धमकी वाले ई-मेल और पुलिस के डिजिटल सिस्टम पर संभावित साइबर हमलों की लगातार निगरानी से जांच एजेंसियों को ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलने की उम्मीद है।









