दिल्ली पुलिस ने करोड़ो के फ्रॉड का किया पर्दाफाश, मामले में 3 गिरफ्तार

शुरुआती जांच में सामने आया है कि अब तक लगभग 50 लाख रुपये के निवेश धोखाधड़ी को ट्रेस किया जा चुका है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी ने बताया...

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़े ऑनलाइन निवेश घोटाले में शामिल तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान प्रवाश चंद्र पांडा (43), प्रीतम रोशन पांडा (27) और श्रीतम रोशन पांडा (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह तीनों एक साइबर सिंडिकेट के लिए म्यूल अकाउंट्स चलाने का काम कर रहे थे।

इस सिंडिकेट से देशभर में अब तक 165 साइबर क्राइम शिकायतें जुड़ी मिली हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अब तक लगभग 50 लाख रुपये के निवेश धोखाधड़ी को ट्रेस किया जा चुका है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि इंस्पेक्टर कमल कुमार की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को सेबी-रजिस्टर्ड स्टॉकब्रोकर का प्रतिनिधि बताकर लोगों को लुभाते थे। वे पीड़ितों को सेकेंडरी स्टॉक्स, प्री-आईपीओ शेयर और ऑफ-मार्केट ट्रेड्स में पैसा लगाने के लिए राज़ी करते थे। भरोसा बढ़ाने के लिए मैनिपुलेटेड वेब एप्लिकेशन और नकली सेबी सर्टिफिकेट्स का इस्तेमाल किया गया।

जांच में पाया गया कि एक शिकायतकर्ता से आरोपियों ने कई खातों के ज़रिये कुल 49,73,000 रुपए ट्रांसफर करवाए। बाद में वेरिफिकेशन में पता चला कि ये खाते ओडिशा में संचालित संगठित नेटवर्क द्वारा चलाए जा रहे म्यूल अकाउंट्स थे। वित्तीय जांच में मेसर्स श्रीजी अपैरल्स के म्यूल अकाउंट को ठगी की रकम लेने और फिर उसे लॉन्डर करने का प्रमुख चैनल पाया गया। पैसे को अलग-अलग खातों में भेजने, नकदी निकालने और छिपाने के लिए लेयर्ड शेल एंटिटी और तेज़ कैश मूवमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि 49.73 लाख रुपये की रकम पांच बेनिफिशियरी खातों में भेजी गई थी, जिनमें श्रीजी अपैरल्स का अकाउंट भी शामिल था। यह खाते गिरफ्तार तीनों आरोपियों के नियंत्रण में थे। पीड़ित को फर्जी निवेश योजनाओं का झांसा देकर रकम तेजी से निकाली गई।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!