दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 700 से ज्यादा साइबर अपराधी गिरफ्तार
लोग बैंकिंग धोखाधड़ी, इंस्टेंट लोन ऐप्स, निवेश के नाम पर ठगी, फेक जॉब ऑफर और फर्जी कस्टमर केयर नंबरों के जरिए अपना पैसा खो रहे हैं।

देशभर में ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोग बैंकिंग धोखाधड़ी, KYC अपडेट, ऑनलाइन शॉपिंग, इंस्टेंट लोन ऐप्स, निवेश के नाम पर ठगी, फेक जॉब ऑफर और फर्जी कस्टमर केयर नंबरों के जरिए अपना पैसा खो रहे हैं। साइबर अपराधी तरह-तरह की तकनीक और डिजिटल तरीकों का इस्तेमाल कर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं।
इसी बढ़ते साइबर अपराध को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने अब बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस ने हाल ही में ऑपरेशन ‘साइबर हॉक’ (Cyber Hawk – CYHAWK) नाम से एक बड़े पैमाने पर अभियान चलाया, जिसमें साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यह अभियान लगातार 48 घंटे तक चलाया गया, जिसमें IFSO (Intelligence Fusion & Strategic Operations) यूनिट, स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच और दिल्ली के 15 जिलों की पुलिस शामिल रही। इस बड़े अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली और अब तक 700 से अधिक साइबर ठगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पकड़े गए आरोपी अलग-अलग साइबर फ्रॉड रैकेट का हिस्सा थे, जिनमें कई राज्यों में फैला नेटवर्क शामिल है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह आरोपी एक बड़े संगठित नेटवर्क के जरिए साइबर अपराध चला रहे थे।
सबसे हैरानी की बात यह है कि पुलिस जांच में करीब 1,000 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल का खुलासा हुआ है। इस नेटवर्क के जरिए न सिर्फ दिल्ली, बल्कि देश के विभिन्न शहरों में लोगों से ठगी की जा रही थी। आरोपी फर्जी बैंक अकाउंट, फर्जी सिम कार्ड, डिजिटल वॉलेट, UPI IDs और सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए ठगी को अंजाम दे रहे थे।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले तरीके लगातार बदलते रहते हैं, इसलिए पुलिस को भी टेक्नोलॉजी और इंटेलिजेंस अपडेट करनी पड़ रही है। इस अभियान का मकसद सिर्फ गिरफ्तारी करना ही नहीं, बल्कि इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अंजान लिंक, कॉल, ईमेल या मैसेज पर विश्वास न करें और साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।









