दिल्ली के आया नगर में डेयरी संचालक की गोली मारकर हत्या, 69 खोखे बरामद

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर कुल 10 टीमों को जांच में लगाया है।

दक्षिण दिल्ली के आया नगर में डेयरी चलाने वाले रतन लोहिया की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर 70 से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस ने मौके से 69 खोखे बरामद किए हैं। सोमवार को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होगा कि रतन लोहिया के शरीर में कितनी गोलियां लगीं, लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि करीब 60 से अधिक गोलियां उन्हें नज़दीक से मारी गई थीं।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर कुल 10 टीमों को जांच में लगाया है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। पीड़ित परिवार ने गांव के ही एक पक्ष पर पुरानी रंजिश में हत्या करवाने का आरोप लगाया है। वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर रखी है। दूसरी ओर, जांच टीमें इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। अग्रवाल स्वीट्स के पास लगे कैमरों की कई रिकॉर्डिंग पुलिस के पास हैं। साथ ही, बदमाश किस रूट से भागे इसकी भी फुटेज जमा की जा रही है।

परिवार के अनुसार, रतन लोहिया और रामवीर का परिवार एक ही गांव में रहते हैं। पहले सब ठीक था, यहां तक कि रतन के बेटे दीपक और रामवीर के बेटे अरुण की दोस्ती भी थी। दोनों संपत्ति के कारोबार में थे, लेकिन करीब दो साल पहले एक प्रॉपर्टी को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि अरुण और उसके साथियों ने दीपक पर हमला कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए, जिसके बाद यह विवाद कोर्ट तक पहुंचा। अरुण और उसके परिजन चाहते थे कि दीपक अदालत में उनके खिलाफ गवाही न दे। इसके बीच ही तनाव बढ़ता गया।

करीब छह महीने पहले, साकेत कोर्ट से लौटते समय दीपक ने कथित रूप से अरुण की छत्तरपुर के सीडीआर चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस केस में दीपक गिरफ्तार है और जेल में बंद है। परिजनों का कहना है कि अरुण की हत्या का बदला लेने के लिए रतन लोहिया पर हमला किया गया। रविवार तड़के रतन लोहिया दूध निकालने के लिए अपने डेयरी शेड की ओर जा रहे थे। तभी कार में आए हमलावरों ने घर के पास ही उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमलावर तेजी से मौके से निकल गए। परिवार ने रामवीर के परिवार को जिम्मेदार बताया है। पुलिस सभी आरोपों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!