Delhi Crime: चॉकलेट का लालच देकर बच्ची से गलत हरकत, ड्राइवर गिरफ्तार
दिल्ली के बवाना इलाके के एक निजी स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाली तीन साल की बच्ची के साथ यौन शोषण का कथित मामला सामने आया है।

Delhi Crime: दिल्ली के बवाना इलाके के एक निजी स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाली तीन साल की बच्ची के साथ यौन शोषण का कथित मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में स्कूल से जुड़े एक कैब ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ड्राइवर बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने अपने पास बुलाता था और उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार करता था।
मामला तब सामने आया जब बच्ची के व्यवहार में बदलाव देखकर उसकी मां ने उससे बातचीत की। बच्ची ने अपनी मां को स्कूल में आने वाले एक व्यक्ति के बारे में बताया और उसे ‘बैड अंकल’ कहा। बच्ची आरोपी का नाम नहीं बता पा रही थी, जिसके बाद परिवार ने स्कूल प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
तस्वीर और CCTV देखकर बच्ची ने की पहचान
स्कूल प्रशासन ने 24 अगस्त को बच्ची के सामने कुछ लोगों की तस्वीरें और CCTV फुटेज रखे। इन्हें देखने के बाद बच्ची ने कथित आरोपी कैब ड्राइवर की पहचान कर ली।
इसके बाद स्कूल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत POCSO एक्ट में FIR दर्ज की और जांच शुरू कर दी।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले करीब आठ महीने से स्कूल में कैब ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था।
CCTV फुटेज से जांच में मिली अहम जानकारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्कूल परिसर के CCTV फुटेज की जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियां सामने आईं। पुलिस का आरोप है कि वह अपने पास चॉकलेट रखता था और बच्ची के स्कूल में मौजूद होने के दौरान उसके संपर्क में आया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर बच्ची को स्कूल परिसर के एक हिस्से में ले गया, जहां उसके साथ आपत्तिजनक हरकत किए जाने का आरोप है। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक, फोन की जांच में कुछ ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें आरोपी छोटे बच्चों को चॉकलेट देते हुए दिखाई दे रहा है।
अब जांच अधिकारी इन वीडियो में नजर आ रहे अन्य बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर संबंधित बच्चों को उचित काउंसलिंग और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच संवेदनशील तरीके से की जा रही है।









