Delhi Crime: डेटिंग एप से कैफे तक पहुंचा युवक, फिर 26 हजार के बिल पर मचा बवाल
दिल्ली में डेटिंग एप के जरिए मिलने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को ब्लाइंड डेट के लिए बुलाया गया और फिर...

डेटिंग एप पर हुई थी युवती से मुलाकात
मामला उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में स्थित हडसन लेन का है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता जैद अहमद की मुलाकात 1 नवंबर 2026 को डेटिंग एप के जरिए सान्या नाम की युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद युवती ने उसे ब्लाइंड डेट के लिए जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास बुलाया। शाम करीब 6:30 बजे जैद युवती से मिलने पहुंचा। इसके बाद वह उसे हडसन लेन स्थित ब्लैक पैंथर कैफे में ले गई।
खाने-पीने के बाद थमाया 26 हजार का बिल
शिकायत के अनुसार, कैफे पहुंचने के बाद युवती ने कई महंगे खाने-पीने के आइटम ऑर्डर किए। कुछ समय बाद जब बिल आया तो उसकी रकम करीब 26 हजार रुपये थी। इतनी बड़ी रकम देखकर जैद ने बिल को लेकर सवाल उठाए।
आरोप है कि इस पर कैफे के मालिक और वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। उसे धमकाया गया और कैफे से बाहर जाने से रोक दिया गया। भुगतान करने का दबाव बनाए जाने के बाद जैद ने अपने पिता से ऑनलाइन पैसे मंगवाए और बिल की रकम चुकाई।
शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
घटना के बाद जैद अहमद ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखर्जी नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए ब्लैक पैंथर कैफे के मालिक जावेद और अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय जावेद और 24 वर्षीय अनुज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में दोनों के खिलाफ पहले किसी आपराधिक मामले में संलिप्तता सामने नहीं आई है।
डेटिंग एप के जरिए ठगी की आशंका
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच का मुख्य पहलू यह है कि क्या युवती ने पहले से तय योजना के तहत जैद को कैफे बुलाया था और क्या इस कथित वसूली में अन्य लोग भी शामिल थे। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।









