Delhi Fire: मालवीय नगर होटल अग्निकांड में होटल मालिक गिरफ्तार
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज...

दिल्ली।
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस ने लवकेश बजाज और उसके दो अन्य पार्टनर्स की तलाश के लिए कई special investigation teams का गठन किया था, जिन्होंने राजधानी के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी भी की।
जांच के दौरान पुलिस की एक टीम लवकेश बजाज के आवास पर भी पहुंची थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को आशंका थी कि कार्रवाई से बचने के लिए वह विदेश फरार हो सकता है। इसी संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ Look Out Circular (LOC) जारी करने की तैयारी भी की जा रही थी।
गौरतलब है कि मालवीय नगर में हुए इस विनाशकारी अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की बताई जा रही है। होटल के पास स्थित एक प्रमुख अस्पताल में इलाज के लिए अफ्रीकी देशों समेत कई विदेशी मरीज और उनके परिजन आते हैं। हादसे के समय भी कई विदेशी परिवार होटल में ठहरे हुए थे, जिनमें से कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
इस हादसे के बाद एक अफ्रीकी महिला का भावुक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह अपनी बहन की मौत पर दुख और आक्रोश व्यक्त करती नजर आई। महिला ने बताया कि वह Democratic Republic of Congo से अपने परिजन के इलाज के लिए दिल्ली आई थी। अस्पताल के नजदीक होने के कारण उसने इस होटल में ठहरने का फैसला किया था, लेकिन भीषण आग ने उसकी बहन की जान ले ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने Magisterial Inquiry के आदेश दे दिए हैं। वहीं संपत्ति मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि राजधानी में अवैध निर्माण, बिना अनुमति संचालित guest houses, और fire safety norms व building by-laws का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों को सील किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस दुखद हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
यह भी पढ़े : Delhi Riots 2020: IB अधिकारी हत्याकांड में कोर्ट सुनाएगी फैसला









