Delhi Kidnapping Case: बच्चे की चाह में दंपती बना किडनैपर, जांच जारी
दिल्ली के खजूरी खास इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दंपती ने बच्चे की चाह में आठ महीने के मासूम का अपहरण कर लिया।

Delhi Kidnapping Case: दिल्ली के खजूरी खास इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दंपती ने बच्चे की चाह में आठ महीने के मासूम का अपहरण कर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो दिन के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनीता (30) और उसके पति पवन (31) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि शादी के तीन साल बाद भी उनके यहां संतान नहीं हुई थी। इसी कारण उन्होंने एक मासूम बच्चे को अगवा करने की साजिश रची। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च को खजूरी खास थाने में एक 45 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने परिवार के साथ खजूरी खास फ्लाईओवर के नीचे रहती है। महिला के मुताबिक शाम करीब साढ़े चार बजे एक अज्ञात महिला उसके पास आई और खाने का लालच देकर उसके आठ महीने के बेटे को अपने साथ ले गई। इसके बाद वह बच्चे को लेकर मौके से फरार हो गई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसके लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि संदिग्ध महिला पिछले तीन-चार दिनों से उसके पास आ रही थी। वह कभी बच्चे को चॉकलेट देती तो कभी खाने-पीने की चीजें देकर उससे घुलने-मिलने की कोशिश करती थी।
घटना वाले दिन आरोपी महिला ने जन्मदिन का केक देने का बहाना बनाया और बच्चे को अपने साथ ले गई। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर टीम आरोपी महिला की तलाश करते हुए रूप नगर इलाके तक पहुंच गई। वहां एक कोठी से महिला को हिरासत में लिया गया और उसके पास से मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति पवन उसी कोठी में चौकीदार का काम करता है। शादी के तीन साल बाद भी बच्चा न होने के कारण परिवार और समाज का दबाव बढ़ता जा रहा था। इसी दबाव के चलते दोनों ने बच्चा चुराने का फैसला किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम









