दिल्ली में घर के बाहर सफाई को लेकर विवाद, लॉ स्टूडेंट की चाकू गोदकर हत्या
दिल्ली फिर एक बार घरेलू विवाद से हुई हैरान करने वाले हत्या के मामले से दहल उठी है राजधानी के संगम विहार इलाके में शुक्रवार सुबह घर के बाहर...

दिल्ली घर के बाहर सफाई को लेकर विवाद, डीयू के लॉ स्टूडेंट की चाकू गोदकर हत्या
दिल्ली फिर एक बार घरेलू विवाद से हुई हैरान करने वाले हत्या के मामले से दहल उठी है। राजधानी के संगम विहार इलाके में शुक्रवार सुबह घर के बाहर सफाई को लेकर शुरू हुई छोटी-सी कहासुनी ने देखते ही देखते खौफनाक रूप ले लिया। इस झगड़े में दिल्ली यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रहे 27 वर्षीय मो. इरशाद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही नजदीकी परिजनों चाचा, चाची और चचेरे भाई ने ही करी है। सुबह करीब 9 बजे हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई इरशाद की चीखें सुनकर परिजन बाहर आए और उसे खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिरा पाया परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सफाई को लेकर हुई कहासुनी बनी जानलेवा
डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि मृतक इरशाद अपने परिवार के साथ संगम विहार में रहता था और दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग में फर्स्ट ईयर का छात्र था। पुलिस को दिए बयान में इरशाद की बहन ने बताया कि शुक्रवार सुबह घर के बाहर सफाई को लेकर चाचा मुबारक ने इरशाद से बहस शुरू कर दी और बहस इतनी बढ़ गई कि कुछ ही देर में मुबारक की पत्नी रिहाना खातून और बेटा इश्तियाक भी मौके पर पहुंच गए तीनों ने मिलकर इरशाद की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी इसी दौरान आरोपियों ने उस पर चाकू से आधा दर्जन से ज्यादा वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार
पुलिस ने मृतक की बहन के बयान के आधार पर हत्या की धारा में मामला दर्ज कर लिया है और कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रिहाना खातून को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी मुबारक और उसका बेटा इश्तियाक वारदात के बाद से फरार हैं। दोनों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस घटना में एक नाबालिग के शामिल होने की भी पुष्टि हुई है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
जांच जारी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश कर रही है। साथ ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद यह साफ होगा कि इरशाद पर कितने वार किए गए और हत्या किस तरीके से अंजाम दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के बीच पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते रहते थे, लेकिन इस बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाएगी, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।









