Delhi Murder: जितिया के दिन मां ने खोया बेटा, ड्यूटी से लौटते वक्त हत्या
दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सचिन उर्फ काला के रूप में हुई..

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सचिन उर्फ काला के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सचिन पर शनिवार रात धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद शाहबाद डेयरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक और क्राइम टीम को भी बुलाया गया।
दोस्ती को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सचिन और आरोपी अमन के बीच एक लड़की से दोस्ती को लेकर विवाद था। पुलिस के अनुसार, जिस लड़की से सचिन की दोस्ती थी, उससे अमन की भी जान-पहचान थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था।
बताया जा रहा है कि पुराने विवाद को कुछ समय पहले सुलझा लिया गया था, लेकिन शनिवार रात आरोपियों ने सचिन को रास्ते में घेर लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंचने का दावा किया है।
जितिया व्रत के दिन मां ने खोया बेटा
सचिन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसकी मां ने बताया कि जितिया पर्व पर उन्होंने बेटे की सलामती के लिए व्रत रखा था, लेकिन उसी दिन उन्हें अपने बेटे की मौत की खबर मिल गई।
मृतक के पिता सुरेंद्र ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सचिन के चाचा चंद्रिका ने बताया कि शनिवार रात उनकी सचिन से फोन पर बात हुई थी। सचिन ने कहा था कि वह कुछ देर में घर पहुंच जाएगा और साथ में खाना खाने की बात भी हुई थी, लेकिन वह वापस घर नहीं आया।
तीन लोगों से पूछताछ
पुलिस ने मामले में अमन उर्फ आरिफ खान को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा उसकी मां नफीसा और मामा मोहम्मद इमरान को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
सचिन के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।









