Delhi News: मोटे मुनाफे का लालच पड़ा भारी, महिला सिपाही से लाखों की ठगी
दिल्ली में निवेश के जरिए मोटी कमाई करने की उम्मीद एक महिला पुलिसकर्मी को भारी पड़ गई। आरोप है कि ठग ने मुनाफे का भरोसा दिलाकर महिला...

Delhi News: दिल्ली में निवेश के जरिए मोटी कमाई करने की उम्मीद एक महिला पुलिसकर्मी को भारी पड़ गई। आरोप है कि ठग ने मुनाफे का भरोसा दिलाकर महिला सिपाही की बचत की रकम हासिल कर ली। इसके बाद पीड़िता ने 12 लाख रुपये का पर्सनल लोन भी लिया और परिचितों से उधार लेकर पैसे जुटाए। इस तरह उन्हें करीब 24 लाख रुपये का नुकसान हुआ। शिकायत मिलने पर दिल्ली पुलिस की मध्य जिले की साइबर थाना टीम ने बागपत निवासी विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को गिरफ्तार किया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई बातचीत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए महिला सिपाही शिवानी से संपर्क किया था। उसने खुद को दिल्ली पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से भर्ती होने का इच्छुक बताया और उनसे इस संबंध में मदद मांगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर व्हाट्सएप पर भी संपर्क होने लगा।
आरोप है कि बातचीत के दौरान विक्रांत ने महिला सिपाही का विश्वास जीतने के लिए खुद को क्रिकेट जगत की एक चर्चित हस्ती के रूप में पेश किया। इसके बाद उसने निवेश के माध्यम से अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया और उनसे पैसे लगाने को कहा।
बचत के बाद लोन लेकर भी दिए पैसे
आरोपी के झांसे में आकर महिला सिपाही ने अपने एक्सिस बैंक खाते में जमा बचत की रकम उसे ट्रांसफर कर दी। जब आरोपी ने निवेश के नाम पर और पैसों की मांग की, तो पीड़िता ने 12 लाख रुपये का पर्सनल लोन ले लिया।
इसके अलावा, उन्होंने अपने परिचितों से भी उधार लेकर रकम जुटाई। इसके बावजूद उन्हें वादे के मुताबिक मुनाफा नहीं मिला। शिकायत के अनुसार, इस पूरे मामले में महिला सिपाही के साथ करीब 24 लाख रुपये की ठगी हुई।
बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े खातों में पहुंची रकम
पुलिस की जांच में सामने आया कि ठगी से मिली रकम में से लगभग आठ लाख रुपये ऐसे बैंक खातों में भेजे गए, जिनका संबंध ‘1एक्स.कॉम’ बेटिंग प्लेटफॉर्म से बताया गया है। पुलिस अब पैसों के लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं और कहीं दूसरे लोग भी इसी तरह की ठगी का शिकार तो नहीं हुए।
मुलाकात के दौरान दुर्व्यवहार का आरोप
महिला सिपाही ने अपनी शिकायत में आरोपी पर आमने-सामने की मुलाकात के दौरान अनुचित तरीके से कमर छूने और मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने इस मामले में आठ सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की थी।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ठगी से जुड़े वित्तीय लेनदेन, आरोपी के संपर्कों और संभावित अन्य पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।









