Delhi: दयालपुर में दूसरी पत्नी की गोली मारकर हत्या, जानिए पूरा मामला

य्यबा 22 नवंबर को घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी, लेकिन रातभर घर न लौटने पर परिजनों ने 23 नवंबर को दयालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट...

दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दयालपुर क्षेत्र में रहने वाले फैसल चौधरी (34) ने अपनी दूसरी पत्नी तैय्यबा (25) की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर शव को कार में रखकर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सरूरपुर कलां स्थित जंगल में फेंक दिया। पुलिस के दबाव के बीच आरोपी ने आखिरकार कड़कड़डूमा कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बुधवार देर रात जंगल से शव बरामद कर लिया।

22 नवंबर की रात हत्या, 25 नवंबर को सरेंडर

तैय्यबा 22 नवंबर को घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी, लेकिन रातभर घर न लौटने पर परिजनों ने 23 नवंबर को दयालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में पता चला कि उसे आखिरी बार ओल्ड मुस्तफाबाद निवासी फैसल के साथ देखा गया था। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। परिजन पहले ही फैसल पर अपहरण का आरोप लगा चुके थे, इसलिए उसके खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस की टीमें दिल्ली और यूपी में लगातार छापेमारी कर रही थीं। दबाव बढ़ता देख फैसल ने 25 नवंबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस हिरासत में फैसल ने खुलासा किया कि तैय्यबा उसकी पत्नी थी। इस बात से मृतका के परिवार वाले स्तब्ध रह गए, क्योंकि उन्हें इस विवाह की जानकारी कभी नहीं मिली थी। बाद में फैसल के पिता ने कोर्ट मैरिज और निकाह से जुड़े दस्तावेज पुलिस को सौंपे, जिनसे यह बात स्पष्ट हुई कि दोनों ने 15 अप्रैल 2025 को शादी की थी।

फैसल पहले से शादीशुदा था और उसके एक बेटा-बेटी भी हैं। उसने तैय्यबा को खुद को अविवाहित बताकर अपने झांसे में लिया था। दोनों की मुलाकात एक क्लब में हुई थी, जिसके बाद प्रेम संबंध बढ़े और शादी हुई। शादी के बाद भी तैय्यबा अपने मायके चांद बाग में ही रहती थी और फैसल पर उसे अपने घर ले जाने के लिए दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने यह खौफनाक योजना बनाई। जांच में आरोपी ने बताया कि 22 नवंबर की रात वह दोस्त की आई-20 कार लेकर निकला। रास्ते में उसने तैय्यबा को अपने साथ बैठाया, जो उस दिन भी उसे घर ले जाने की जिद कर रही थी। देर शाम वह झिलमिल इलाके के एक क्लब में गया और वहां शराब पी। बाहर निकलने के बाद कार में ही उसने तैय्यबा के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।

इसके बाद आरोपी शव को लेकर सीधे UP के बागपत जिले के सरूरपुर पहुंचा और अंधेरे में जंगल के भीतर शव फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने बुधवार रात उसकी निशानदेही पर शव और आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई आई-20 कार बरामद कर ली। हथियार की तलाश जारी है। तैय्यबा अपने परिवार के साथ चांद बाग में रहती थी और दिलशाद गार्डन की एक कंपनी में नौकरी करती थी। वह आठ भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। परिवार उसकी शादी के बारे में कुछ नहीं जानता था।

उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी आशीष मिश्रा के अनुसार,
“आरोपी फैसल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

यह मामला प्रेम, धोखे और हत्या का ऐसा मामला है जिसने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सुरागों की तलाश में जुटी है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!