Delhi: करोड़ों की चोरी का खुलासा, कारोबारी का चालक ही निकला चोर

पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 28 सितंबर को महिला कारोबारी ने साउथ कैंपस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि...

दिल्ली के साउथ कैंपस इलाके में रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़ी एक महिला कारोबारी के घर से करोड़ों के गहने चोरी होने की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के ही घर पर पिछले चार साल से काम कर रहे चालक महेंद्र दान को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने करीब चार करोड़ रुपये कीमत के कीमती आभूषण चोरी कर अपने पैतृक शहर नागौर (राजस्थान) में छिपा दिए थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वह लगातार मालकिन के घर पर रोज की तरह काम में जुटा रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 28 सितंबर को महिला कारोबारी ने साउथ कैंपस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके घर के लॉकर में रखे लगभग चार करोड़ रुपये के गहने अचानक गायब हो गए हैं। इस मामले में चोरी का कोई स्पष्ट सबूत न मिलने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 21 नवंबर को इसे सेंधमारी निरोधक दस्ते को सौंप दिया। इंस्पेक्टर राम कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की।

साथ ही घर में आने-जाने वाले सभी कर्मचारियों से पूछताछ की गई। तकनीकी विश्लेषण के दौरान आरोपी का शक चालक महेंद्र दान पर गया, जो नागौर, राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर फिंगरप्रिंट जांच कराई, जिसमें घर के लॉकर और अन्य स्थानों से मिले फिंगरप्रिंट उसके मेल खा गए। इसके बाद 22 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महेंद्र दान ने खुलासा किया कि आर्थिक तंगी और व्यक्तिगत जरूरतों के चलते उसने चोरी की योजना बनाई थी। उसे लॉकर की जानकारी थी और वह समय देखकर वारदात को अंजाम देने में सफल रहा। चोरी के बाद वह तुरंत राजस्थान चला गया और गहने अपने घर में छिपा दिए। इसके अलावा उसने कुछ सोने के बिस्कुट दिल्ली के शाहदरा इलाके में अपने नए किराए के घर में छिपाए थे। पुलिस ने दोनों स्थानों से गहने बरामद कर लिए हैं।

पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि क्या चोरी में कोई और भी शामिल था या उसने गहनों को बेचने की कोशिश की थी। अधिकारी मानते हैं कि आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!