दिल्ली के शाहदरा में डबल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपत्ति की घर में हत्या
दिल्ली के शाहदरा इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राम नगर एक्सटेंशन में एक बुजुर्ग दंपत्ति की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या...

दिल्ली के शाहदरा में डबल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपत्ति की घर में हत्या
दिल्ली के शाहदरा इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राम नगर एक्सटेंशन में एक बुजुर्ग दंपत्ति की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीसरी मंजिल पर स्थित घर के दो अलग-अलग कमरों में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय वीरेंद्र कुमार बंसल और उनकी 65 वर्षीय पत्नी प्रवेश बंसल के रूप में हुई है। वीरेंद्र बंसल पेशे से रिटायर्ड टीचर थे, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी थीं। पुलिस के मुताबिक, 4 जनवरी 2026 की रात करीब 12:30 बजे एमएस पार्क थाने में कॉल आई। कॉल करने वाले वैभव बंसल ने बताया कि उनके माता-पिता घर में बेहोश पड़े हैं और शायद उनकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब पुलिस तीसरी मंजिल पर स्थित घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए। घर के दो अलग-अलग कमरों में बुजुर्ग दंपत्ति के शव पड़े मिले। वीरेंद्र कुमार बंसल के चेहरे पर चोटों के स्पष्ट निशान पाए गए, जिससे उनकी हत्या के हिंसक होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों की हत्या लगभग एक ही समय में की गई हो सकती है, हालांकि वारदात के वक्त घर में किसी और की मौजूदगी को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) को मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल की गहन जांच की और अहम साक्ष्य जुटाए। पूरे घर की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। शुरुआती जांच में लूट की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घर से कोई कीमती सामान या नकदी गायब है या नहीं। फिलहाल शाहदरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही इस डबल मर्डर का खुलासा किया जाएगा।









