दिल्ली में ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो नाइजीरियन गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने नशा तस्करी के एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने नशा तस्करी के एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह बड़ी कार्रवाई मैदानगढ़ी थाना पुलिस द्वारा 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे की गई, जब मिली खुफिया सूचना के आधार पर स्कूटर पर सवार दो संदिग्धों को रोका गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिजिओके विस्डम और चिकोज़ी के रूप में हुई है, जो दोनों नाइजीरिया के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी भारत में बिना वैध वीजा और आवासीय दस्तावेजों के रह रहे थे और लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ड्रग्स की सप्लाई नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 102 ग्राम कोकीन, 13 ग्राम MDMA (एक्स्टेसी ड्रग) और 85 ग्राम मेथाक्वालोन बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि यह मात्रा स्थानीय स्तर पर बिक्री के लिए तैयार की गई थी और इसे विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि दोनों आरोपी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा हो सकते हैं, जो अफ्रीकी देशों से भारत में नशे के पदार्थों की तस्करी करता है। अब पुलिस उनके मोबाइल फोन, बैंक ट्रांजैक्शन और संपर्क नेटवर्क की गहन जांच कर रही है ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।
दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि वे किन स्थानीय संपर्कों के जरिए ड्रग्स की बिक्री कर रहे थे और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों को पकड़ना ही नहीं बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करना है, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि विदेशी नेटवर्क की भूमिका को देखते हुए अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सहयोग की प्रक्रिया तेज की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी हैं।
यह भी पढ़े : डाबरी फ्लाईओवर पर भीषण हादसा: डिलीवरी बॉय की मौत, कार चालक फरार









