नशे में धुत हमलावरों ने दो भाइयों पर चाकू से किया वार, एक की मौत
बिंदापुर इलाके में शनिवार रात के वक्त कहासुनी के बाद नशे में धुत दो हमलावरों ने दो भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें बुरी तरह घायल...

राजधानी दिल्ली के बिंदापुर इलाके में शनिवार देर रात कहासुनी के बाद नशे में धुत दो हमलावरों ने दो भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। दोनों को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया और छोटे भाई की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के घटना के चार घंटे बाद ही दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। मृत युवक की शिनाख्त 33 वर्ष के लोहित और उसके घायल भाई की पहचान अनिल के रूप में हुई है। मृतक लोहित पत्नी के साथ पटना में रहता था और मिठाई की दुकान में मैनेजर था। लोहित के माता-पिता, छोटा भाई अनिल और उसकी पत्नी नन्हें पार्क के ओम अपार्टमेंट में रहते हैं।
मृतक लोहित की मां को गंभीर बीमारी है। वह अपनी मां का इलाज करवाने के लिए पटना से कुछ दिन पहले राजधानी दिल्ली में आया था। शनिवार देर रात करीब 1.10 बजे पुलिस को मच्छी मार्केट के पास दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने की सुचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस घायलावस्था में मिले लोहित और उसके छोटा भाई अनिल को दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने लोहित को मृत घोषित कर दिया। बिंदापुर थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज हत्या व हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त ने तुरंत वाहन चोरी निरोधक शाखा के निरीक्षक कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पास ही एक कबाड़ी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। इसमें हमला करने वाले दो युवक दिखे। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों रोबिन और वरुण को पुलिस ने जेजे कालोनी बिंदापुर से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला पूछताछ करने पर हुई थी कहासुनी
जांच के दौरान पता चला कि दोनों भाई ओम विहार में एक मकान का निर्माण करवा रहे थे। लेकिन 15 अक्तूबर की रात निर्माण स्थल से सुरक्षाकर्मी ने इनको कॉल कर बताया कि कुछ लड़के यहां से सरिया समेत अन्य सामान चुरा ले गए हैं। दोनों भाई स्कूटी से वहां पहुंचे। वापस आते वक्त मच्छी मार्केट स्थित कबाड़ी की दुकान के आस पास एक दुकान के पास आरोपी वरुण और रोबिन नशे की हालत में बैठे मिले। दोनों भाइयों ने उनसे पूछताछ की। इस दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई और फिर इनका झगड़ा हो गया।
यह भी पढ़े: खरीदी थी 22 लाख की कार, लेकिन 6 महीने बाद टूटी गाड़ी कर दी डिलिवर










