दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, तीन गिरफ्तार
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशवपुरम इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अंतरराज्यीय शराब तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी और फरार होने की कोशिश की।

दिल्ली।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशवपुरम इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अंतरराज्यीय शराब तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी और फरार होने की कोशिश की। हालांकि सतर्कता और तेजी दिखाते हुए पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज़ में पीछा कर तीनों आरोपियों को आखिरकार दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, एसीपी आकाश रावत की निगरानी में इंस्पेक्टर राजीव मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बी-4 ब्लॉक के पास दिल्ली नंबर की एक सफेद होंडा सिटी कार संदिग्ध हालत में दिखाई दी। पुलिस ने जब चालक को रुकने का इशारा किया, तो उसने अचानक कार की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी लालबत्ती की ओर तेजी से भागे, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी और लगातार पीछा करते हुए कुछ दूरी पर कार को घेरकर रुकवा लिया।
कार रुकते ही उसमें सवार तीनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम के साथ हाथापाई भी की। इस दौरान हेड कांस्टेबल दीपक को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपियों को काबू में कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज, पिंटू और बृजेश के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार से 17 पेटियों में रखी करीब 850क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई, जो हरियाणा में बिक्री के लिए चिन्हित बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से इस्तेमाल की गई होंडा सिटी कार को भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कमीशन के आधार पर काम करते थे और यह खेप हरियाणा के सोनीपत से लाकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस को शक है कि यह एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का हिस्सा है, जो लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में अवैध शराब की तस्करी कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी नीरज और पिंटू पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं, जिससे इनके आपराधिक नेटवर्क के व्यापक होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है, ताकि सप्लाई चेन, फाइनेंसर और रिसीवर्स तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस नेटवर्क का संबंध अन्य राज्यों से भी जुड़ा हुआ है। इस कार्रवाई को उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे इलाके में अवैध शराब की सप्लाई पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़े : मुंबई के मीरा रोड में सुरक्षाकर्मियों पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार









