भेदभाव से नाराज आरोपी ने पुजारी की पत्नी का किया कत्ल, जानिए पूरा मामला

सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मंदिर के पास रहने वाले आंचल सक्सेना (33) को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान कुसुम शर्मा (48) के रूप में हुई है।

दिल्ली की राजधानी में मानसरोवर पार्क क्षेत्र स्थित ज्वाला जी मंदिर परिसर में हुई पंडित की पत्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मंदिर के पास रहने वाले आंचल सक्सेना (33) को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान कुसुम शर्मा (48) के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि मंदिर के पुजारी महेश चंद शर्मा और उनका परिवार उसके साथ और उसके परिजनों से भेदभाव करता था, जिससे वह लंबे समय से आहत था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आंचल सक्सेना अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ नियमित रूप से मंदिर जाता था। उसका आरोप है कि पुजारी और उनके परिवार का व्यवहार उसके परिवार के प्रति अच्छा नहीं था। कई बार उसकी मां के साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई, जिससे वह अंदर ही अंदर गुस्सा पालता रहा। इसी नाराजगी में उसने पुजारी की हत्या करने की योजना बनाई।

आरोपी गंडासा लेकर मंदिर परिसर पहुंचा और वहां पुजारी के बारे में पूछताछ की। जब उसे बताया गया कि पुजारी मौजूद नहीं हैं, तो उसने वहां मौजूद उनकी पत्नी कुसुम शर्मा पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान कर रविवार देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया गंडासा भी बरामद किया गया है।

शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि आरोपी आंचल सक्सेना एमए पास है और फिलहाल एक निजी कंपनी में काम करता है। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की वजह कथित खराब व्यवहार को बताया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। आरोपी का कहना है कि उसने यह वारदात अकेले ही की।

रविवार सुबह मंदिर में हुई थी हत्या

कुसुम शर्मा अपने परिवार के साथ मानसरोवर पार्क इलाके में रहती थीं। उनके परिवार में पति महेश चंद शर्मा, बेटा सचिन और दो बेटियां चीनू व गौरी हैं। महेश चंद शर्मा बीते करीब 36 वर्षों से राम नगर और मानसरोवर पार्क के पास स्थित ज्वाला जी मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा दे रहे हैं। रविवार सुबह करीब पांच बजे महेश ने मंदिर के कपाट खोले थे। सुबह करीब 11:15 बजे वह किसी काम से मंदिर से बाहर चले गए। उनके जाने के कुछ देर बाद कुसुम शर्मा मंदिर पहुंचीं। इसी दौरान आरोपी आंचल सक्सेना पुजारी के बारे में पूछते हुए मंदिर में दाखिल हुआ। श्रद्धालुओं ने बताया कि पुजारी बाहर गए हैं और उनकी पत्नी मंदिर में मौजूद हैं।

इसके बाद आरोपी अंदर पहुंचा और कुसुम शर्मा से बातचीत के बाद अचानक उन पर गंडासे से हमला कर दिया। उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए। वहां मौजूद एक अन्य महिला बीना ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!