मंडोली जेल के बाहर फायरिंग, गैंग रंजिश में युवक को लगी गोली
हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार, सोमवीर का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ पूर्वी दिल्ली के विभिन्न थानों में...

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मंडोली जेल के बाहर सोमवार को हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैलाकर सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब दोपहर के वक्त बाइक से लौट रहे एक युवक को बदमाशों ने निशाना बनाया और उस पर करीब तीन राउंड फायरिंग की। गोली उसके कमर में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक की पहचान 24 वर्षीय सोमवीर के रूप में हुई है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवीर अपने दोस्त रविंदर के साथ मंडोली जेल में किसी परिचित से मिलने गया था। मुलाकात खत्म होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे जेल के गेट नंबर-3 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही सोमवीर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार, सोमवीर का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ पूर्वी दिल्ली के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, इस हमले के पीछे गैंगवार या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में मौजूद पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल युवक से पूछताछ की, जिसके बाद उसने कुछ नामों का जिक्र किया। उसी आधार पर नंद नगरी थाने में हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाले हमलावर पेशेवर लग रहे हैं और उन्होंने प्लानिंग के साथ हमला किया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जेल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के बावजूद इस तरह की घटनाएं सवाल खड़े करती हैं। घटना के बाद पुलिस ने जेल परिसर और आसपास के एरिया में सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी के दावे भी किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही इस हमले की असली वजह सामने आ पाएगी।









