थाईलैंड से डिपोर्ट गैंगस्टर IGI से गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट पर हुआ था फरार

जांच में सामने आया कि हरसिमरन ने राजेश सिंह नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया और इसी दस्तावेज़ पर लखनऊ से बैंकॉक चला गया।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर हरसिमरन उर्फ बादल उर्फ सिमरन को IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। हरसिमरन को 26 नवंबर को थाईलैंड से डिपोर्ट किया गया था। वह जनवरी 2025 में फर्जी पहचान और नकली पासपोर्ट पर भारत से फरार हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह जबरन वसूली, हत्या, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के 23 गंभीर मामलों में नामजद था।

फर्जी पहचान बनाकर विदेश भागा था

स्पेशल सेल के उपायुक्त अमित कौशिक के अनुसार, जांच में सामने आया कि हरसिमरन ने राजेश सिंह नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया और इसी दस्तावेज़ पर लखनऊ से बैंकॉक चला गया। विदेश में रहते हुए उसने भारत में अपने केस के एक गवाह को 50 लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके चलते उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया। कुछ समय बाद बैंकॉक पुलिस ने उसे पकड़ लिया और डिपोर्ट कर दिया।

हरसिमरन का आपराधिक सफर दिल्ली के कुश्ती अखाड़ों से शुरू हुआ। प्रशिक्षण के दौरान ही वह कई कुख्यात अपराधियों के संपर्क में आया, जिनमें मनोज, समुंदर और विजय उर्फ ‘नॉटी’ प्रमुख थे। इनसे संगत के बाद उसने अपना खुद का गैंग खड़ा किया और नॉर्थ-वेस्ट व नॉर्थ दिल्ली में बड़े पैमाने पर एक्सटॉर्शन शुरू किया। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों पर गोलियां चलाना, धमकाना और मारपीट उसके लिए आम बात थी।

नवंबर 2024 में स्पेशल सेल ने महेंद्र सिंह नामक व्यक्ति से अवैध हथियार बरामद किए थे। पूछताछ में पता चला कि हथियार हरसिमरन ने ही सप्लाई किए थे। महेंद्र सिंह 2010 से हत्या के केस में फरार चल रहा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने हरसिमरन के खिलाफ पुराने मामलों की फाइलें फिर खंगालीं और उसके अंतरराष्ट्रीय फरारी की जानकारी मिली।

जांच में यह भी सामने आया कि विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने उसे अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की। गोल्डी ने उसे पहले दुबई, फिर अजरबैजान और यूरोप के रास्ते अमेरिका भेजने की योजना बनाई थी। लेकिन कई दस्तावेज़ी गड़बड़ियों और इंटरनेशनल एजेंसियों की निगरानी के कारण उसकी हर कोशिश विफल रही। डिपोर्ट होकर IGI एयरपोर्ट पहुंचते ही स्पेशल सेल की टीम ने उसे धर दबोचा। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क, सहयोगियों और फर्जी पासपोर्ट गैंग से जुड़ाव की गहराई से जांच कर रही है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!