गुरुग्राम: ड्यूटी के दौरान तेज रफ्तार ट्रॉले ने सिपाही को कुचला, मौके पर मौत

जांच के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात सिपाही को कुचल दिया। इस हादसे में सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई।

गुरुग्राम में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां पुलिस नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात सिपाही को कुचल दिया। इस हादसे में सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर ग्वाल पहाड़ी के पास लगभग रात 2:35 बजे हुई। मृतक का नाम सिपाही अजय, उम्र 30 वर्ष है। वह रेवाड़ी जिले के कुमरोधा गांव का निवासी था और साल 2019 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुआ था। मार्च 2025 में उसकी शादी हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी की टीम बुधवार रात सड़क पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट पहन रखे थे और सड़क पर बैरिकेड्स लगाए गए थे। शिकायत के अनुसार, रात लगभग 2:30 बजे पुलिस टीम एक पिकअप वाहन को रोककर उसकी जांच कर रही थी। इसी दौरान सिपाही अजय वाहन के पीछे खड़ा था। कुछ देर बाद गुरुग्राम की ओर से तेज गति में आ रहा ट्रॉला पुलिस संकेतों के बावजूद नहीं रुका। ट्रॉले ने पहले तेज रफ्तार में बैरिकेड्स को टक्कर मारी और उन्हें घसीटते हुए आगे बढ़ गया। उसी समय उसने सिपाही अजय को सीधी टक्कर मारते हुए कुचल दिया।

टक्कर की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए किनारे कूदना पड़ा। हादसे के बाद ट्रॉले का डीज़ल टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को ट्रॉला चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सीकर (राजस्थान) निवासी शक्ति के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने कहा, “हमने एक बहादुर, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ जवान को खो दिया है। यह पुलिस विभाग और परिवार, दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।”

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!