Haryana: ड्रग ओवरडोज से युवक की मौत, बहन की शिकायत पर मामला दर्ज
मृतक की पहचान पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले 29 वर्षीय तरसेम के रूप में हुई है। इस मामले में जीआरपी ने मृतक के दो दोस्तों के खिलाफ गैर...

हरियाणा के नरवाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। जांच में सामने आया है कि युवक की मौत नशे की अधिक मात्रा लेने यानी ड्रग ओवरडोज के कारण हुई। मृतक की पहचान पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले 29 वर्षीय तरसेम के रूप में हुई है। इस मामले में जीआरपी ने मृतक के दो दोस्तों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की बहन गुरशरण कौर, जो पंजाब में अध्यापिका हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई तरसेम लंबे समय से नशे का आदी था। 18 दिसंबर को वह ड्यूटी पर चली गई थीं और उसी दिन तरसेम बिना बताए घर से निकल गया। इसके बाद परिजनों ने मानसा और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
कुछ समय बाद उन्हें जानकारी मिली कि तरसेम अपने दोस्तों राहुल और बिट्टू के साथ नशा करने के लिए हरियाणा के नरवाना आया था। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों युवक नरवाना से आगे एक गोशाला के पास से नशीला पदार्थ ‘चिट्टा’ खरीदकर रेलवे स्टेशन के नजदीक झाड़ियों में पहुंचे, जहां उन्होंने नशा करना शुरू किया।
बताया गया कि इस दौरान तरसेम ने इंजेक्शन के जरिए नशा लिया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। वह तड़पने लगा और बेहोश हो गया। राहुल और बिट्टू ने उसे बचाने की कोशिश करते हुए पास के घर से गर्म पानी भी मंगवाया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। घटना के बाद डर के कारण दोनों युवक तरसेम को वहीं छोड़कर अपने घर लौट गए। बाद में झाड़ियों में पड़े शव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचित किया गया।
जीआरपी ने मृतक की बहन की शिकायत के आधार पर राहुल और बिट्टू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।









