दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: लाखों की हेरोइन के साथ ड्रग कैरियर गिरफ्तार
उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ पुलिस टीम ने किया इंटरस्टेट ड्रग तस्कर का पर्दाफाश, लाखों की हीरोइन की बरामद, ड्रग कैरियर हुआ गिरफ्तार


उत्तरी जिले के स्पेशल स्टाफ की पुलिस टीम ने इंटरस्टेट ड्रग तस्करी करने वाले एक मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपी के पास से 30 लाख की हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान शंभू सिंघानिया उर्फ विशाल के रूप में हुई है। यह पंचकूला, हरियाणा का रहने वाला है। पहले से हिमाचल प्रदेश के एक मामले में शामिल भी रहा है। डीसीपी एन्टो अलफोंस ने बताया कि यह ड्रग तस्कर राजधानी दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश में भी सक्रिय था।
इसके बारे में जब एएसआई यशपाल को सूचना मिली तो एसीपी ऑपरेशन जयपाल सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर राजकुमार, सब इंस्पेक्टर विनीत आदि की टीम बनाई गई। जब यह किसी से मिलने के लिए आने वाला था, स्पेशल टीम ने प्रताप नगर मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैप लगाया। वहीं पर इसे गिरफ्तार किया गया और इसके पास से 303 ग्राम फाइन क्वालिटी की हीरोइन बरामद की गई। जिसे इसने एक जूस के टेट्रा पैक में छुपा कर रखा हुआ था।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि बरामद किया गया हीरोइन उसने अफ्रीकन मूल के एक नागरिक से नांगलोई में खरीदी थी। इसे लेकर दिल्ली से बाहर दूसरे स्टेट में जाना था। इसके खिलाफ गुलाबी बाग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को पता चला कि शंभू कुछ महीने पहले से एक अफ्रीकन ड्रग तस्कर के संपर्क में आया और उसके बाद यह कैरियर के रूप में काम करने लगा था। यह पहले भी हिमाचल प्रदेश में गिरफ्तार हो चुका है। उसके बाद वह हिमाचल से हरियाणा में शिफ्ट कर गया और फिर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में इस धंधे को करने लगा।
ये भी पढ़े:- दिल्ली: उत्तम नगर पुलिस का अवैध रूप से रहने वाले नाइजीरियन के खिलाफ एक्शन