द्वारका में हेड कांस्टेबल की गोली से मजदूर की मौत, एक घायल
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज पर आरोप है कि उसने पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद गोली चला दी,

द्वारका।
दिल्ली के द्वारका के जाफरपुर कला इलाके में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। जहाँ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज पर आरोप है कि उसने पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद गोली चला दी, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है। जाफरपुर कला स्थित नीरज के घर के पास कुछ मजदूर शराब पीकर पार्टी कर रहे थे। शोर-शराबे को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान नीरज ने कथित तौर पर गुस्से में आकर फायरिंग कर दी।
इस फायरिंग में पांडव कुमार नाम के मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रूपेश किशन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत राव तुलाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक पांडव कुमार अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। परिवार ने बताया कि घर में एक छोटा बच्चा भी है, जिसकी तबीयत अक्सर खराब रहती है। इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद आरोपी नीरज मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था या नहीं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात चानक गोलियों की आवाज से लोग सहम गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और मामले की गहराई से जांच जारी है।
यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि आरोपी खुद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक का पोस्टमॉर्टम पूरा कर शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी हैं।
यह भी पढ़े : पेशाब करने के विवाद में हुई खुनी झड़प, 2 युवक घायल









