दोस्त की बहन से प्रेम बना मौत की वजह, युवक की हत्या कर नहर में फेंका
मृतक की पहचान सदर बाजार निवासी अंकित (18) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अंकित अपने दोस्त आशीष और विशाल की मौसेरी बहन से प्रेम करता था।

दिल्ली के बाहरी-उत्तरी जिले के समयपुर बादली इलाके से सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर उसका शव मुनक नहर में फेंक दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने मृतक के ही दो करीबी दोस्तों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह प्रेम संबंध बताई जा रही है।
मृतक की पहचान सदर बाजार निवासी अंकित (18) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अंकित अपने दोस्त आशीष और विशाल की मौसेरी बहन से प्रेम करता था। इस रिश्ते से आशीष नाराज था और उसने कई बार अंकित को अपनी बहन से दूर रहने की चेतावनी दी थी। जब अंकित नहीं माना, तो दोनों आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 18 नवंबर को आरोपियों ने अंकित को टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन पर मिलने के लिए बुलाया। वहां से उसे बहाने से गड्ढा कॉलोनी ले जाया गया। सुनसान इलाके में आरोपियों ने पहले अंकित के साथ बेरहमी से मारपीट की, फिर उसके हाथ-पांव बांध दिए। इसके बाद पेड़ काटने वाले दाव से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को ठिकाने लगाने की योजना के तहत उसे एक टाटा ऐस मिनी टेंपो में डालकर बवाना की ओर ले गए। वहां से शव को मुनक नहर में फेंक दिया गया, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 22 नवंबर को हैदरपुर ट्रीटमेंट प्लांट के पास मुनक नहर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव के हाथ-पांव बंधे हुए थे और सिर पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद समयपुर बादली थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इंस्पेक्टर मिंटू सिंह के नेतृत्व में टीम ने जिपनेट और अन्य माध्यमों से शव की पहचान की कोशिश की। जांच के दौरान शव की पहचान अंकित के रूप में हुई। परिजनों ने 18 नवंबर को गुलाबी बाग थाने में अंकित की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया गया कि अंकित अपने मामा के साथ वेल्डिंग का काम करता था।
जांच के दौरान पुलिस को बड़ा सुराग तब मिला, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आशीष को हिरासत में लिया। पूछताछ में आशीष टूट गया और उसने अपने दोस्त अंकित की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि यह वारदात उसने विशाल के साथ मिलकर की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपी मानसिक दबाव में थे और उन्हें नींद नहीं आ रही थी। इसी दौरान आशीष ने स्पेशल सेल में तैनात अपने एक रिश्तेदार अधिकारी के सामने अपराध कबूल कर लिया और आत्मसमर्पण की इच्छा जताई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और आशीष को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। बाद में लोकल पुलिस ने विशाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया दाव, टाटा ऐस मिनी टेंपो, एक स्कूटी और अन्य सामान बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद अंकित का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल समयपुर बादली थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।









